एलपीएल : सप्लीमेंट्री नीलामी में लखनऊ के 58 खिलाड़ी बिके

0
54

लखनऊ। जैसे जैसे लखनऊ प्रीमियर लीग (एलपीएल) आयोजन के दिन नजदीक आ रहे हैं वैसे-वैसे सरगर्मियां बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार को सीएएल के बीबीडी बैडमिंटन अकादमी के मुख्यालय में एलपीएल का सप्लीमेंट्री आक्शन हुआ। इस नीलामी में आलराउण्डर कल्पना क्लब के सम्यक त्रिवेदी सबसे मंहगे यानी 1.25 लाख रुपये में बिके। उन्हें लखनऊ एशेज ने खरीदा।

“सबसे अधिक 1.25 लाख रुपये में सम्यक त्रिवेदी को लखनऊ एशेज ने खरीदा”

वहीं लेफ्ट आर्म स्पिनर यार्कर क्लब आदित्य कुमार सिंह 1.15 लाख रुपये और अखिल इन्फ्रा के बल्लेबाज अजीत वर्मा 1.10 लाख रुपये में फ्रेंचाइजी ने खरीदा। इस सप्लीमेंट्री आक्शन में लखनऊ के 58 नए खिलाड़ियों की खरीद फरोख्त हुई। इसके बाद फ्रेंचाइजी टीमों का अंतिम रूप भी सामने आने लगा है। एक-दो दिनों में फ्रेंचाइजी अपनी-अपनी टीमों की घोषणा करेंगी।

इस आक्शन में सीएएल के अध्यक्ष डा. नवनीत सहगल, सचिव केएम खान, लीग के कमिश्नर एसपी मिश्र, सभी फ्रेंचाइजी टीमों के मालिक शामिल हुए।

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के दिशानिर्देश पर हुई इस नीलामी में फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम में शुद्ध रूप से 17 खिलाड़ी लखनऊ के शामिल किए हैं। वह दो ही खिलाड़ी बाहर के शामिल कर सकती हैं। इस नीलामी में उन्हीं खिलाड़ियों को शामिल किया गया था जिन्होंने एलपीएल के लिए ट्रायल दिए थे।

सप्लीमेंट्री आक्शन में सबसे मंहगे बिके ये खिलाड़ी

गुरुवार को हुई नीलामी में लखनऊ के तीन खिलाड़ियों को सबसे अधिक बोली लगाकर खरीदा गया । तीनों खिलाड़ी एक लाख रुपये से अधिक में बिके। इसमें लखनऊ एशेज ने सम्यक त्रिवेदी को 1.25 लाख रुपये में खरीदकर अपने मुकुट में एक और नगीना जड़ा।

सम्यक बेहतरीन आलराउण्डर हैं और कल्पना क्लब से खेलते हैं। वहीं स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ के प्रोडक्ट जूनियर इण्डिया खेल चुके आदित्य कुमार सिंह को लखनऊ स्ट्राइकर ने खरीदा। आदित्य बाएं हाथ के फिरकी गेंदबाज हैं और यार्कर क्लब से खेलते हैं। इसके अलावा अजीत वर्मा को भी लखनऊ स्ट्राइकर्स ने 1.10 लाख रुपये की बोली लगाकर अपने पाले में किया। आदित्य उम्दा बल्लेबाज हैं और अखिल इन्फ्रा के लिए खेलते हैं।

अब तक बिके 102 खिलाड़ी

गुरुवार को हुई नीलामी में कुल 58 खिलाड़ी बिके। ये सभी लखनऊ के हैं। इससे पहले 44 खिलाड़ियों की नीलामी हुई थी। इस तरह अब तक फ्रेचाइजी 102 खिलाड़ी खरीद चुकी हैं। इन खिलाड़ियों के अलावा फ्रेंचाइजी स्थानीय और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी टीम से जोड़ सकती है। सभवताः हर फ्रेंचाइजी 22-22 खिलाड़ी टीम में रखेगी।

क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. नवनीत सहगल ने कहा कि, एलपीएल का आयोजन अब अपने अंतिम चरण में है। गुरुवार को हुई नीलामी के बाद फ्रेंचाइजियों ने टीम को अंतिम रूप दे दिया है। जल्द ही आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। लीग का मकसद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का बड़ा मंच प्रदान करना है।

साथ ही जूनियर खिलाड़ियों को सीनियर खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा। खिलाड़ियों में एक प्रोफेशनल सोच विकसित होगी। सभी मैच केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले जाएंगे। एक मैच दिन में और दूसरा शाम को फ्लडलाइट में खेला जाएगा। हर टीम के साथ अनुभवी कोच और मेंटर नियुक्त किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here