तनु श्री तोमर का गोल्ड पर निशाना, यूपी ने जीते दो रजत सहित पांच पदक

0
111

नई दिल्ली: डबल ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर और आईएसएसएफ वर्ल्ड कप फाइनल काहिरा 2025 की स्वर्ण पदक विजेता सिमरनप्रीत कौर बरार ने डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में शानदार प्रदर्शन किया।

उन्होंने 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता (एनएससीसी) के तहत आयोजित महिला 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धा में क्रमशः सीनियर और जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

वहीं यूपी के निशानेबाज़ों ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए कुल एक स्वर्ण, दो रजत, दो कांस्य सहित पांच पदक अपने नाम किए।

यूपी के लिए सबसे बड़ी सफलता तनु श्री तोमर के रूप में सामने आईं, जिन्होंने सिविलियन चैंपियनशिप महिला (जूनियर व्यक्तिगत) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।

मनु भाकर और सिमरनप्रीत कौर बरार ने महिला 25 मीटर पिस्टल में लगाया स्वर्णिम निशाना

यशिका गोयल ने सिविलियन चैंपियनशिप महिला (व्यक्तिगत) वर्ग में रजत पदक जीतकर यूपी को गौरवान्वित किया, जबकि सुपर मास्टर महिला वर्ग में आभा ढिल्लन ने भी रजत पदक अपने नाम किया।

कांस्य पदकों में सीनियर मास्टर महिला वर्ग में कुंती मलिक और मास्टर महिला वर्ग में दिव्या नगर ने तीसरा स्थान हासिल कर उत्तर प्रदेश के खाते में पदक जोड़े।

सीनियर महिला फाइनल में मनु भाकर ने 36 हिट्स के साथ स्वर्ण पदक जीता और कर्नाटक की दिव्या टी.एस. को चार हिट्स से पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 32 के स्कोर के साथ रजत पदक हासिल किया। अंजलि चौधरी ने 28 हिट्स के साथ कांस्य पदक जीता।

रिदम सांगवान 22 हिट्स के साथ चौथे स्थान पर रहीं, जबकि अर्शदीप कौर 18, अन्नू राज सिंह 14 और अनुजा वर्मा 11 हिट्स के साथ क्रमशः पांचवें, छठे और सातवें स्थान पर रहीं। परिशा गुप्ता ने फाइनल में भाग नहीं लिया।

क्वालिफिकेशन राउंड में दिव्या टी.एस. ने 587-22x के स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। अंजलि चौधरी ने 582-19x के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि अन्नू राज सिंह 582-16x के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। मनु भाकर ने 581-19x के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर क्वालिफाई किया।

परिशा गुप्ता 581-14x के साथ पांचवें स्थान पर रहीं, उनके बाद रिदम सांगवान 579-17x के साथ रहीं, जबकि अर्शदीप कौर और अनुजा वर्मा ने 578-19x के स्कोर के साथ शीर्ष आठ में जगह बनाई।

जूनियर महिला 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल फाइनल में सिमरनप्रीत कौर ने अपनी शानदार लय को जारी रखते हुए 39 हिट्स के साथ स्वर्ण पदक जीता। द्वारम प्रणवी ने रजत पदक हासिल किया, जबकि हरियाणा की पलक ने 20 हिट्स के साथ कांस्य पदक जीता।

तनु श्री तोमर शूट-ऑफ में बाहर होने के बाद 19 हिट्स के साथ चौथे स्थान पर रहीं। सेजल राजू कांबले 14, मेगना सादुला 11 और लावण्या कंवर 7 हिट्स के साथ क्रमशः अगले स्थानों पर रहीं। परिशा गुप्ता ने फाइनल में भाग नहीं लिया।

जूनियर क्वालिफिकेशन राउंड में परिशा गुप्ता ने शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि सिमरनप्रीत कौर बरार ने 578-13x के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया।

पलक 575-14x के साथ तीसरे स्थान पर रहीं, इसके बाद सेजल राजू कांबले 575-12x, तनु श्री तोमर 573-11x, लावण्या कंवर 572-17x, मेगना सादुला 572-13x और द्वारम प्रणवी 572-11x के साथ क्वालिफाई हुईं।

महिला टीम 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धा में महाराष्ट्र ने शीतल प्रीतम देसाई, अभिद्न्या अशोक पाटिल और राही सरनोबत के संयुक्त प्रयास से 1726-40x का स्कोर करते हुए स्वर्ण पदक जीता।

आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट की अनुजा वर्मा, सेजल राजू कांबले और अंजलि भगवत ने 1722-44x के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि हरियाणा की रिदम सांगवान, विभूति भाटिया और तेजस्वनी की टीम ने 1718-43x के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

ये भी पढ़ें : 68वीं एनएससीसी : रायज़ा ढिल्लों का महिला व जूनियर स्कीट में गोल्डन डबल

जूनियर महिला टीम स्पर्धा में आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट की सेजल राजू कांबले, जिया जाखड़ और अंजलि भगवत की टीम ने 1714-38x के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता।

दिल्ली की परिशा गुप्ता, कामाक्षी कुमार और नाम्या कपूर की टीम ने 1714-36x के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि पंजाब की सिमरनप्रीत कौर बरार, अगम ग्रेवाल और जसमान केली ने 1709-40x के साथ कांस्य पदक जीता।

चैंपियनशिप की प्रतियोगिताएं मंगलवार, 16 दिसंबर 2025 को भी जारी रहेंगी। इस दिन नई दिल्ली में पुरुष स्कीट स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जबकि महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन्स फाइनल भोपाल स्थित मध्य प्रदेश स्टेट शूटिंग अकादमी में खेले जाएंगे।

अन्य परिणाम (25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल महिला)

यूथ महिला वर्ग
1. सेजल राजू कांबले (आर्मी) – स्वर्ण (575-12x)
2. लावण्या कंवर (राजस्थान) – रजत (572-17x)
3. मानवी जैन (मध्य प्रदेश) – कांस्य (570-14x)

सिविलियन चैंपियनशिप महिला (व्यक्तिगत)
1. जसप्रीत कौर (पंजाब) – स्वर्ण (575-17x)
2. यशिका गोयल (उत्तर प्रदेश) – रजत (573-19x)
3. तनिषा डबोदिया (दिल्ली) – कांस्य (573-15x)

सिविलियन चैंपियनशिप महिला (टीम)
1. दिल्ली ए (एकता मलिक, कामाक्षी कुमार, नयाशा राणा) – स्वर्ण (1706-40x)
2. दिल्ली बी (तनिषा डबोदिया, रिया दुग्गल, खुशी कपूर) – रजत (1703-44x)
3. पंजाब (जसप्रीत कौर, इशनीत औलख, अरिहा अग्रवाल) – कांस्य (1693-38x)

सिविलियन चैंपियनशिप महिला (जूनियर व्यक्तिगत)
1. तनु श्री तोमर (उत्तर प्रदेश) – स्वर्ण (573-11x)
2. लावण्या कंवर (राजस्थान) – रजत (572-17x)
3. द्वारम प्रणवी (आंध्र प्रदेश) – कांस्य (572-11x)

सिविलियन चैंपियनशिप महिला (जूनियर टीम)
1. दिल्ली (कामाक्षी कुमार, नयाशा राणा, खुशी कपूर) – स्वर्ण (1695-37x)
2. मध्य प्रदेश (नैन्सी सोलंकी, आराध्या मिश्रा, अंचल सिंह) – रजत (1686-32x)
3. तमिलनाडु (वैष्णवी रामदास, निथिला आइवी डार्लिंग, अन्या पद्मा विजी) – कांस्य (1685-26x)

सीनियर मास्टर महिला वर्ग
1. शीला कानुंगो (महाराष्ट्र) – स्वर्ण
2. पुष्पा मेघवाल (राजस्थान) – रजत
3. कुंती मलिक (उत्तर प्रदेश) – कांस्य

मास्टर महिला वर्ग
1. अनीसा सैयद (हरियाणा) – स्वर्ण
2. पी. सोफिया लॉरेन (तमिलनाडु) – रजत
3. दिव्या नगर (उत्तर प्रदेश) – कांस्य

सुपर मास्टर महिला वर्ग
1. पुष्पा मेघवाल (राजस्थान) – स्वर्ण
2. आभा ढिल्लन (उत्तर प्रदेश) – रजत

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here