लखनऊ के एसके श्रीवास्तव एकल एवं अनिल व शैलेंद्र युगल के अंतिम चार में

0
53

लखनऊ। लखनऊ के एसके श्रीवास्तव ने अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में आयोजित योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में पुरुष एकल 55 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

दूसरी ओर पुरुष युगल 50 वर्ष से अधिक वर्ग में लखनऊ के अनिल कुमार सिंह व शैलेंद्र पावाह की जोड़ी ने अंतिम चार में जगह बनाई।

योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026

वहीं मिश्रित युगल 35 वर्ष से अधिक के क्वार्टर फाइनल में जॉन वेस्ले और प्रियंका पाण्डेय (प्रयागराज/लखनऊ) ने दूसरी वरीय विनय कुमार व रूमा की जोड़ी को हराकर बड़ा उलटफेर करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में लखनऊ बैडमिंटन संघ के सचिव एवं ख्याति प्राप्त बैडमिंटन खिलाड़ी स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में इस चैंपियनशिप का आयोजन बीबीडी यूपी बैडमिंटन एकेडमी, विपिन खण्ड, गोमती नगर, लखनऊ में किया जा रहा है।

पहले दिन खेले गए मैचों में महिला एकल 45 वर्ष से अधिक के क्वार्टर फाइनल में गाजियाबाद की अनुराधा शर्मा ने लखनऊ की पूनम सिंह को 21-10, 21-3 से पराजित किया।

मिश्रित युगल में जॉन वेस्ले व प्रियंका पाण्डेय ने किया बड़ा उलटफेर

पुरुष एकल 55 वर्ष से अधिक के क्वार्टर फाइनल में दूसरी वरीय कानपुर के पवन गुप्ता ने मेरठ के अरुण कुमार को 21-18, 18-21, 21-14 से हराया। वहीं लखनऊ के एसके श्रीवास्तव व वाराणसी के राजीव कुमार सिंह को वाकओवर मिला।

पुरुष युगल 50 वर्ष से अधिक के क्वार्टर फाइनल में मेरठ के सोमेश जैन व सुनील राणा ने दूसरी वरीय राजीव सिंह व राणा राघवेंद्र कुमार सिंह को 21-18, 21-11 से हराया। वहीं लखनऊ के अनिल कुमार सिंह व शैलेंद्र पावाह की जोड़ी ने वाकओवर के सहारे जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

मिश्रित युगल 35 वर्ष से अधिक के क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीय यूपी पुलिस के अखिलेश यादव व भावना बालियान ने आसान जीत दर्ज की जिन्होंने कानपुर के आलोक मल्होत्रा व श्रुति मल्होत्रा को 21-6, 21-10 से हराया। यूपी पुलिस के आलोक कुमार मिश्रा व सीमा राय ने नोएडा के अजय शर्मा व पूर्वषा परीमल को 21-19, 21-11 से शिकस्त दी।

इसी वर्ग में जॉन वेस्ले व प्रियंका पाण्डेय (प्रयागराज/लखनऊ) ने दूसरी वरीय यूपी पुलिस के विनय कुमार व रूमा को 9-21, 21-17, 21-16 से हराकर उलटफेर किया।

ये भी पढ़ें : पांच फरवरी से होगी यूपी स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here