लखनऊ : शहरी आधारभूत संरचना के साथ-साथ जनस्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए मेसर्स सुएज़ – वन सिटी वन ऑपरेटर (OCOP) परियोजना, लखनऊ द्वारा दिनांक 14 एवं 16 फरवरी 2026 को नगर निगम लखनऊ मुख्यालय परिसर स्थित त्रिलोकी नाथ हाल में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का प्रायोजन एवं सक्रिय संचालन सहयोग किया गया। यह शिविर सुएज की सामुदायिक सहभागिता और कार्यस्थल सुरक्षा के प्रति दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।
कार्यक्रम के आयोजक ईष्टा माहेश्वरी की टीम ने सुएज़ के सहयोग से ये कैम्प सफलता पूर्वक संपन्न करवाया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर लखनऊ सुषमा खर्कवाल एवं विधायक सीतापुर ज्ञान तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अन्य गणमान्य व्यक्तियों में के.पी. मिश्रा (राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, भारत तिब्बत सहयोग मंच), उत्कर्ष बाजपेई (अध्यक्ष, अखंड आर्यावर्त समिति) एवं इंजीनियर विनोद कुमार गुप्ता (पूर्व नौसैनिक) उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सुएज की ओर से परियोजना निदेशक राजेश मठपाल, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विशेषज्ञ पंकज सिंह, सहायक प्रबंधक सुमित कुमार सिंह एवं अक्षय सक्सेना उपस्थित रहे। सुएज नेतृत्व ने शिविर के संचालन, समन्वय एवं व्यवस्थाओं की प्रत्यक्ष निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित किया कि अधिकतम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हों।
सुएज द्वारा प्रायोजित इस स्वास्थ्य शिविर में लोग बंधु अस्पताल, लखनऊ के चिकित्सा अधीक्षक एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। शिविर में नेत्र रोग, दंत रोग, सामान्य चिकित्सा, आयुष, होम्योपैथी, पैथोलॉजी जांच तथा विशेष रूप से स्त्री रोग परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
बड़ी संख्या में महिलाओं एवं नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा निःशुल्क औषधि प्राप्त की। रक्त जांच हेतु नमूने भी एकत्रित किए गए। परियोजना निदेशक राजेश मठपाल ने इस अवसर पर कहा कि सुएज केवल सीवर एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरी जीवन की गुणवत्ता सुधारने के लिए बहुआयामी प्रयास कर रहा है।
“हमारी प्राथमिकता सुरक्षित संचालन, श्रमिक कल्याण और सामुदायिक स्वास्थ्य है। ऐसे स्वास्थ्य शिविर हमारे ‘सेवा भाव’ और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक हैं।” यह स्वास्थ्य शिविर ईष्टा माहेश्वरी फाउंडेशन के द्वारा आयोजित किया गया, जिसने सामाजिक जागरूकता एवं महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया है।
सुएज, उत्तर प्रदेश सरकार की ‘वन सिटी वन ऑपरेटर’ परियोजना के अंतर्गत लखनऊ में सीवर अवसंरचना के संचालन एवं रखरखाव के साथ-साथ जनहितकारी पहलों के माध्यम से शहर के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।













