लखनऊ–अयोध्या मार्ग पर पॉलिटेक्निक चौराहे से वेव सिनेमा तक बने अंडरपास

0
37

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के सप्तम कार्य दिवस पर विधायक ओपी श्रीवास्तव ने सदन में अपने संबोधन के दौरान लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की एक अत्यंत ज्वलंत और जनसरोकार से जुड़ी समस्या को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने बताया कि लखनऊ–अयोध्या मार्ग से पॉलिटेक्निक चौराहे होते हुए 1090 चौराहा, गोमती नगर रेलवे स्टेशन, लोहिया अस्पताल एवं विधानसभा मार्ग तक पहुंचने में आम नागरिकों, स्कूल बसों, नौकरीपेशा लोगों तथा एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को प्रतिदिन भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है।

विशेष रूप से इंदिरा नगर, महानगर, विकास नगर एवं लक्ष्मणपुरी जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों के निवासियों के लिए यह समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है।

विधायक लखनऊ पूर्वी ओपी श्रीवास्तव ने विधानसभा के बजट सत्र में प्रमुखता से उठाई मांग

विधायक ने सदन के माध्यम से सरकार से मांग की कि लखनऊ–अयोध्या मार्ग पर पॉलिटेक्निक चौराहे से वेव सिनेमा की ओर जाने वाले मार्ग पर एक सुव्यवस्थित अंडरपास का शीघ्र निर्माण कराया जाए,

जिससे गोमती नगर रेलवे स्टेशन, लोहिया अस्पताल, मिठाई वाला चौराहा, 1090 चौराहा, विधानसभा मार्ग एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों तक निर्बाध एवं त्वरित आवागमन सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित अंडरपास न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि आपातकालीन सेवाओं के लिए भी जीवनरक्षक सिद्ध होगा और क्षेत्र की लाखों जनता को प्रतिदिन होने वाली असुविधा से राहत मिलेगी।

विधायक ने आशा व्यक्त की कि सरकार इस जनहितकारी मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर लखनऊ पूर्वी की जनता को बड़ी राहत प्रदान करेगी।

इससे पूर्व विधायक नें वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत ₹9,12,696 करोड़ के ऐतिहासिक बजट के समर्थन में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाओं, विश्वास और विकास के संकल्प का प्रतीक है।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने वित्तीय अनुशासन, तीव्र आर्थिक विकास दर और रिकॉर्ड पूंजीगत निवेश के माध्यम से देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रदेश में विकसित हो रहे एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज एवं बढ़ता औद्योगिक निवेश इस प्रगति के प्रत्यक्ष उदाहरण हैं।

ये भी पढ़ें : जहाँ अंधेरा था, वहाँ आज रोशनी, यही नए भारत की पहचान : ओपी श्रीवास्तव

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here