पर्थ, ऑस्ट्रेलिया : एएफसी महिला एशियन कप ऑस्ट्रेलिया 2026 के ग्रुपसी के अपने पहले मुकाबले में भारतीय महिला फुटबॉल टीम को वियतनाम के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। पर्थ रेक्टैंगुलर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वियतनाम ने इंजरी-टाइम में गोल दागकर भारत से जीत छीन ली।
वियतनाम – 2 (गुयेन थी वान सू 30’, 90+4’)भारत – 1 (संफिदा नोंगरूम 52’)
वियतनाम की गुयेन थी वान सू ने मैच के दोनों हाफ में गोल करते हुए (30’ और 90+4’) अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की, जबकि भारत के लिए डेब्यू कर रहीं संफिदा नोंगरूम ने 52वें मिनट में बराबरी का गोल किया।

मुकाबले की शुरुआत में वियतनाम ने गेंद पर अधिक नियंत्रण रखा, जबकि भारतीय टीम रक्षात्मक रणनीति अपनाते हुए जवाबी हमलों के मौके तलाशती रही। भारतीय गोलकीपर पंथोई चानू एलांगबाम ने शुरुआती मिनटों में वान सू के प्रयास को रोककर टीम को राहत दिलाई।
आठवें मिनट में भारत को पहला मौका मिला, जब ग्रेस डांगमेई ने ऊंची गेंद को काबू में कर संगीता बसफोर के लिए सेट किया, लेकिन उनका हाफ-वॉली शॉट सीधे वियतनाम की गोलकीपर त्रान थी किम थान्ह के हाथों में चला गया।
14वें मिनट में संगीता की एक गलती से वियतनाम को सुनहरा मौका मिला।
गुयेन थी बिच थुई का शॉट क्रॉस बार से टकराकर बाहर चला गया। इसके बाद वियतनाम ने लगातार दबाव बनाए रखा, लेकिन पंथोई ने 27वें मिनट में बिच थुई के प्रयास को शानदार अंदाज में रोक दिया। 30वें मिनट में वान सू ने थाई थी थाओ के पास पर पेनल्टी एरिया के अंदर से शानदार कर्लिंग शॉट लगाकर वियतनाम को बढ़त दिला दी।

हाफ-टाइम पर भारतीय कोच अमेलिया वालवर्डे ने दो बदलाव करते हुए संफिदा नोंगरूम और रिम्पा हलदर को मैदान पर उतारा। इन बदलावों का असर दूसरे हाफ में देखने को मिला। 49वें मिनट में वियतनाम ने दूसरा गोल किया था, लेकिन VAR जांच के बाद उसे ऑफ साइड करार दिया गया।
52वें मिनट में भारत ने बराबरी हासिल की। रिम्पा के प्रयास के बाद गेंद संफिदा के सामने आई और उन्होंने फुर्ती दिखाते हुए बाएं पैर से जोरदार शॉट लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया। इस गोल के बाद भारतीय टीम ने आत्मविश्वास के साथ आक्रमण तेज किया।
रिम्पा के क्रॉस पर प्यारी ज़ाक्षा का हेडर बचा लिया गया, जबकि बाद में संफिदा का एक और हेडर निशाने से चूक गया। आखिरी पलों में वियतनाम ने फिर से दबाव बनाना शुरू किया। पंथोई ने 76वें मिनट में वान सू के एक और प्रयास को रोका।
इंजरी-टाइम के दूसरे मिनट में मनीषा कल्याण के फ्री-किक पर भारत को मौका मिला, लेकिन किम थान्ह ने खतरा टाल दिया। जब मैच ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था, तभी 90+4वें मिनट में वी थी होआ के कट-बैक पर वान सू ने दूसरा गोल कर वियतनाम को 2-1 की जीत दिला दी।
भारत की शुरुआती एकादश:
पंथोई चानू एलांगबाम (गोलकीपर), स्वीटी देवी नंगबाम (कप्तान), शिल्की देवी हेमाम, संगीता बसफोर, सौम्या गोगुलोथ (रिम्पा हलदर 46’), संजू यादव, प्यारी ज़ाक्षा (काविया पक्किरिसामी 79’), ग्रेस डांगमेई (संफिदा नोंगरूम 46’), निर्मला देवी फांजोउबाम, मार्टिना थोकचोम, मनीषा कल्याण (लिंडा कॉम सेर्तो 90+2’)












