आईपीएल 2026: अब शेड्यूल का इंतजार, लखनऊ में हो सकते है सात मैच

0
37
साभार : गूगल

आईपीएल 2026 के कार्यक्रम को लेकर तस्वीर अब लगभग साफ हो गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड सोमवार, 9 मार्च को इस मेगा टी20 लीग का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर सकता है।

इसी के साथ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी उत्साह बढ़ गया है, क्योंकि पिछले सत्र की तरह इस बार भी यहां सात मुकाबले खेले जाने की संभावना जताई जा रही है।

पहले ऐसी चर्चा थी कि टी20 विश्व कप फाइनल के दिन ही इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के कार्यक्रम का कम से कम एक हिस्सा जारी किया जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब जानकारी सामने आई है कि सोमवार को शाम करीब चार से छह बजे के बीच टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा की जा सकती है।

लखनऊ एक बार फिर आईपीएल मुकाबलों की मेजबानी के लिए तैयार नजर आ रहा है। पिछले सत्र में भी यहां सात मैच खेले गए थे और इस बार भी उतने ही मुकाबले आयोजित होने की संभावना जताई जा रही है। इससे शहर के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

एक खेल चैनल की रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल 2026 का नया सत्र 28 मार्च से शुरू हो सकता है। इससे पहले टूर्नामेंट के 26 मार्च से शुरू होने की चर्चा थी, लेकिन अब 28 मार्च की तारीख को अधिक संभावित माना जा रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार बीसीसीआई पूरा कार्यक्रम एक साथ जारी नहीं कर सकता। माना जा रहा है कि शेड्यूल को दो चरणों में जारी किया जाएगा। पहले चरण में केवल शुरुआती 15 से 20 दिनों के मुकाबलों का कार्यक्रम घोषित किया जा सकता है, जो अप्रैल के मध्य तक के मैचों को कवर करेगा।

इसके पीछे तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और असम में होने वाले विधानसभा चुनावों को अहम कारण बताया जा रहा है। इन राज्यों में आईपीएल की टीमों और मैचों का सीधा संबंध भी है, इसलिए चुनावी कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए बाकी मुकाबलों की तारीखें बाद में तय की जा सकती हैं।

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई, चेन्नई सुपर किंग्स का घरेलू मैदान है, जबकि पश्चिम बंगाल में कोलकाता नाइट राइडर्स अपने मैच खेलती है। वहीं असम के गुवाहाटी को राजस्थान रॉयल्स का दूसरा घरेलू मैदान माना जाता है, जहां टीम के कुछ मुकाबले आयोजित किए जाने की योजना है।

इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मौजूदा चैंपियन के रूप में मैदान में उतरेगी। टीम ने पिछले सत्र के फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर खिताब अपने नाम किया था। जानकारी के अनुसार बेंगलुरु का पहला मुकाबला 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा सकता है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने सात घरेलू मैचों में से पांच मुकाबले बेंगलुरु में खेलेगी, जबकि दो मैच रायपुर में आयोजित किए जाएंगे। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स के कुछ मुकाबले गुवाहाटी में कराए जाने की योजना है। चिन्नास्वामी स्टेडियम को लेकर पहले अनिश्चितता बनी हुई थी।

पिछले वर्ष बेंगलुरु के चैंपियन बनने के बाद स्टेडियम के बाहर जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद सवाल उठ रहे थे कि भविष्य में यहां आईपीएल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे या नहीं। हालांकि लंबे विचार-विमर्श के बाद अब सहमति बन गई है कि बेंगलुरु की टीम अपने घरेलू मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही खेलेगी।

ये भी पढ़ें : 17 साल की मेहनत रंग लाई, आरसीबी ने पहली बार उठाई आईपीएल की ट्रॉफी

ये भी पढ़ें : लखनऊ में 19 व 27 मई को मैच, आईपीएल का नया शेड्यूल आया सामने

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here