मुंबई सिटी की तीसरी जीत, इंटर काशी को 2-1 से दी मात

0
47
Photo: Santanu / Focus Sports / ISL

कोलकाता : इंटर काशी की जोरदार वापसी की कोशिशों को नाकाम करते हुए मुंबई सिटी एफसी ने रविवार को कोलकाता के किशोर भारती क्रीड़ांगन में खेले गए इंडियन सुपर लीग 2025-26 के मुकाबले में 2-1 से जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ आइलैंडर्स ने सीजन की अपनी तीसरी जीत हासिल की और 11 अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गए, जबकि इंटर काशी पांच अंकों के साथ आठवें स्थान पर ही बनी रही। मुंबई सिटी के कप्तान लल्लियानज़ुआला छांगटे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इंडियन सुपर लीग

मुकाबले की शुरुआत में मुंबई सिटी ने गेंद पर नियंत्रण बनाते हुए मेजबान टीम पर लगातार दबाव बनाया। चौथे मिनट में लेफ्ट विंगर आयुष छिकारा ने पहला प्रयास किया, लेकिन उनका नजदीक से लगाया गया शॉट इंटर काशी के गोलकीपर लुईस तारेस ने आसानी से बचा लिया।

18वें मिनट में छिकारा फिर गोल के करीब पहुंचे, जब छांगटे के पास पर उनका दाएं पैर का शॉट लक्ष्य से थोड़ा बाहर निकल गया।

इंटर काशी एफसी – 1 (रोहित दानु 51’)

20वें मिनट में ऑर्टिज़ ने भी दूर से कोशिश की, लेकिन उनका शॉट बार के ऊपर चला गया। इंटर काशी शुरुआती चरण में साफ मौके बनाने में संघर्ष करती रही, हालांकि 22वें मिनट में सुमीत पासी का बॉक्स के बाहर से लगाया गया शॉट मुंबई की रक्षा पंक्ति ने ब्लॉक कर दिया।

गेंद पर मुंबई के नियंत्रण के बावजूद इंटर काशी ने रक्षात्मक अनुशासन बनाए रखा और जवाबी हमलों से खतरा पैदा करने की कोशिश की। 42वें मिनट में लामास ने दाएं ओर से शॉट लगाया, जिसे लाचेनपा ने बचा लिया।

मुंबई सिटी एफसी – 2 (नौफल पीएन 45+6’, लल्लियानज़ुआला छांगटे 52’)

Photo: Santanu / Focus Sports / ISL

पहले हाफ के इंजरी टाइम में मुंबई को बढ़त मिली। छांगटे के कॉर्नर पर मिडफील्डर नौफल पीएन ने गेंद को गोल में डालते हुए मुंबई सिटी को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ की शुरुआत इंटर काशी ने अधिक आक्रामक अंदाज में की और जल्द ही बराबरी हासिल कर ली।

51वें मिनट में संदीप मंडी ने बाएं फ्लैंक से शानदार क्रॉस दिया, जिस पर रोहित दानु ने करीब से हेडर लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया। हालांकि मुंबई ने तुरंत जवाब दिया। एक मिनट बाद ही ऑर्टिज़ ने बाएं फ्लैंक से पेनल्टी बॉक्स में शानदार थ्रू बॉल दी, जिसे छांगटे ने शांतिपूर्वक बाएं पैर से गोल में बदलते हुए मुंबई को फिर से 2-1 की बढ़त दिला दी।

इसके बाद मुकाबला खुल गया और दोनों टीमों ने आगे बढ़कर गोल के मौके बनाने की कोशिश की। पेटकेविसियस ने करीब से शॉट लगाकर लाचेनपा को परखा, जबकि दानु का दूर से लगाया गया शॉट भी मुंबई के गोलकीपर ने रोक लिया।

दूसरी ओर नौफल ने भी खतरा पैदा किया, लेकिन उनका शॉट तारेस ने बचा लिया। इंटर काशी बराबरी की तलाश में लगातार हमले करती रही। 58वें मिनट में पेटकेविसियस का दूर से लगाया गया शॉट लक्ष्य से बाहर चला गया, जबकि 67वें मिनट में दानु के क्रॉस पर लामास का हेडर थोड़ा चूक गया।

इंजरी टाइम में मुंबई सिटी दस खिलाड़ियों तक सिमट गई जब ह्मिंगथानमाविया राल्ते को रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद इंटर काशी ने अंतिम मिनटों में जोरदार दबाव बनाया और मिडफील्डर वेन वाज़ के शॉट पर लाचेनपा ने महत्वपूर्ण बचाव किया।

अंतिम क्षणों में दो बार गेंद क्रॉसबार से टकराने के बावजूद इंटर काशी बराबरी का गोल नहीं कर सकी और मुंबई सिटी एफसी ने 2-1 की महत्वपूर्ण जीत अपने नाम कर ली।

ये भी पढ़ें : एंडी रोड्रिगेज के दो गोल, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने जमशेदपुर को दी मात

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here