200 पार लक्ष्य भी छोटा पड़ा, कोहली-पडिक्कल ने दिलाई बेंगलुरु को जीत

0
27

बेंगलुरु : गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने नए सत्र में अपने इरादे साफ करते हुए दमदार जीत दर्ज की। 200 से अधिक रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बेंगलुरु ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और मात्र 15.4 ओवर में ही चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हरा दिया।

देवदत्त पडिक्कल (61) और विराट कोहली (नाबाद 69) की शानदार पारियों की बदौलत बेंगलुरु ने यह जीत आसानी से अपने नाम की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए केवल 45 गेंदों में 101 रन की तेज साझेदारी कर मुकाबले को पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया।

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर फिल साल्ट के जल्दी आउट होने के बाद कोहली और पडिक्कल ने पारी को संभालते हुए तेजी से रन बटोरे। पडिक्कल ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए मात्र 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने डेविड पेन के एक ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़ा, जबकि हर्ष दुबे पर भी लगातार बड़े शॉट लगाए।

दूसरी ओर, कोहली ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और अंत तक टिके रहे। कप्तान रजत पाटीदार ने 12 गेंदों में 31 रन बनाकर जीत को और आसान बना दिया। अंत में कोहली ने हर्षल पटेल के ओवर में छक्का और तीन चौके लगाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

इससे पहले, कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन की 38 गेंदों में 80 रन की शानदार पारी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने नौ विकेट पर 201 रन बनाए। ईशान ने अपनी पारी में आठ चौके और पांच छक्के लगाए तथा हेनरिच क्लासेन (31) के साथ चौथे विकेट के लिए 97 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।

हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने पांचवें ओवर तक ही 29 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। पावरप्ले के बाद स्कोर तीन विकेट पर 49 रन था। इसके बाद ईशान और क्लासेन ने पारी को संभाला, लेकिन अंतिम ओवरों में रन गति नहीं बढ़ सकी।

बेंगलुरु की ओर से तेज गेंदबाज जैकब डफी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्होंने अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और नीतिश कुमार रेड्डी को आउट कर हैदराबाद की पारी पर शुरुआती दबाव बनाया।

करीब दस महीने बाद इस मैदान पर फिर से मुकाबला खेला गया। पिछले वर्ष खिताब जीत के बाद जश्न के दौरान हुई दुखद घटना के कारण यहां खेल नहीं हो सका था। इस जीत के साथ बेंगलुरु ने नए सत्र में मजबूत शुरुआत करते हुए अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें : अब काउंटर से भी लखनऊ के आईपीएल मैचों के टिकट, साथ में एम टिकट भी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here