लखनऊ में IPL का आगाज, पंत-राहुल की टक्कर पर टिकी नजरें

0
60

लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल 2026 का आगाज एक हाई-वोल्टेज मुकाबले के साथ होने जा रहा है, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने होंगी। सीजन का यह पहला मुकाबला दोनों टीमों के लिए सिर्फ जीत की शुरुआत नहीं, बल्कि अपनी ताकत, रणनीति और संतुलन को साबित करने का अहम मंच भी होगा।

लखनऊ की कमान इस बार ऋषभ पंत के हाथों में है, जिन पर सबसे ज्यादा नजरें टिकी रहेंगी। पिछले सीजन में कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों मोर्चों पर उम्मीदों पर खरे न उतर पाने वाले पंत इस बार नई ऊर्जा और स्पष्ट रणनीति के साथ उतरेंगे।

इकाना स्टेडियम में मजबूत LSG के सामने DC की होगी परीक्षा

अच्छी बात यह है कि टीम इस बार फिटनेस के मामले में कहीं ज्यादा मजबूत नजर आ रही है, जो पिछले सीजन की सबसे बड़ी कमजोरी रही थी। लखनऊ की असली ताकत उसका संतुलित स्क्वॉड और धारदार गेंदबाजी आक्रमण है।

अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और रफ्तार के धनी एनरिक नॉर्टजे के जुड़ने से टीम का पेस अटैक बेहद खतरनाक हो गया है।

इसके अलावा युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव ने अपनी फिटनेस पर खास काम किया है और उनसे इस सीजन में एक्स-फैक्टर बनने की उम्मीद है। मोहसिन खान की वापसी ने गेंदबाजी को और मजबूती दी है, जबकि स्पिन विभाग में दिग्वेश राठी जैसे विकल्प टीम को संतुलन प्रदान करते हैं।

बल्लेबाजी में भी लखनऊ किसी से कम नहीं दिखती। मिचेल मार्श और एडन मार्करम की ओपनिंग जोड़ी टीम को तेज शुरुआत देने में सक्षम है। तीसरे नंबर पर पंत खुद जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, जबकि मिडिल ऑर्डर में निकोलस पूरन मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं।

दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी बल्लेबाजी, खासकर टॉप ऑर्डर में स्थिरता लाने की है। पिछले सीजन में लगातार बदलावों के कारण टीम को नुकसान उठाना पड़ा था।

इस बार केएल राहुल पारी की शुरुआत करते नजर आएंगे, लेकिन उनके जोड़ीदार को लेकर अब भी स्पष्टता नहीं है। मिडिल ऑर्डर में डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स टीम को मजबूती देंगे।

गेंदबाजी में दिल्ली की टीम भी काफी संतुलित है। कप्तान अक्षर पटेल और स्पिनर कुलदीप यादव जैसे मैच विनर टीम में मौजूद हैं।

हालांकि तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क चोट के कारण पहले मुकाबले से बाहर रहेंगे, लेकिन लुंगी एनगिडी पर शुरुआती ओवरों में प्रभाव छोड़ने की जिम्मेदारी होगी। कुल मिलाकर, सीजन का यह ओपनिंग मैच दोनों टीमों के लिए अपनी दिशा तय करने वाला साबित हो सकता है।

एक ओर संतुलित और मजबूत नजर आ रही लखनऊ की टीम है, तो दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स है, जो नए संयोजन के साथ बेहतर शुरुआत की तलाश में उतरेगी। ऐसे में इकाना में क्रिकेट प्रेमियों को एक बेहद रोमांचक और कड़े मुकाबले की उम्मीद रहेगी।

ये भी पढ़ें : इकाना में मैच देखने से पहले जान लें नियम, टिकट से लेकर एंट्री तक सख्ती

ये भी पढ़ें : लखनऊ में आईपीएल, स्कोरिंग की कमान अंतरराष्ट्रीय स्कोररों के हाथ

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here