रोमांच और रफ्तार का डबल डोज, ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ 9 अप्रैल से

0
38

लखनऊ। लखनऊ में इन दिनों क्रिकेट के चौकों-छक्कों का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है। इकाना स्टेडियम में जारी आईपीएल के मैचों के रोमांच के बीच अब शहर के खेल प्रेमियों को ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ के रूप में रफ्तार और रोमांच का एक नया अनुभव मिलने जा रहा है।

उत्तर प्रदेश की इस पहली आधिकारिक हैंडबॉल लीग का बिगुल बज चुका है, जिसका भव्य आयोजन आगामी 9 से 14 अप्रैल 2026 तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में किया जाएगा।

केडी सिंह बाबू स्टेडियम में मुकाबले, 6 टीमें आमने-सामने, फाइनल 14 अप्रैल को

यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के सीईओ डा.आनन्देश्वर पाण्डेय और संस्थापक व प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय ने आज प्रेस वार्ता में मैचों का कार्यक्रम जारी किया।

उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आदि योगी प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित लीग में प्रदेश की 6 दिग्गज टीमें दो लाख रुपये की प्राइजमनी, विजेता ट्रॉफी और गौरव के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाती नजर आएंगी।

लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने प्रेस वार्ता में कहा, “लखनऊ इस वक्त देश का स्पोर्ट्स हब बना हुआ है। यहां आईपीएल मैचों के बीच हम प्रदेश की पहली प्रो हैंडबॉल लीग शुरू कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य हैंडबॉल को वही चमक-धमक और पेशेवर मंच देना है, जो आज क्रिकेट या कबड्डी को हासिल है।

हर दिन तीन मैच, 15 लीग मुकाबले, दूरदर्शन समेत कई प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण  

इस लीग में कुल 6 टीमें – काशी किंग्स, मथुरा ब्रज स्टार, नोएडा ब्लास्टर्स, गाजियाबाद पैंथर्स, बर्बरीक वारियर्स और गोरखपुर राउडीज़ चुनौती पेश करेंगी। इस लीग की विजेता टीम को 2 लाख रुपए और उपविजेता टीम को 1 लाख रुपए का नगद पुरस्कार मिलेगा।“

लीग के संस्थापक व प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय ने जानकारी दी “लीग का हर मुकाबला 20-2-20 मिनट के फॉर्मेट में होगा, जिससे खेल में गजब की तेजी देखने को मिलेगी।

लीग में प्रतिभागी टीमों के बीच 15 रोमांचक लीग मुकाबले होंगे। लीग की शीर्ष दो टीमें 14 अप्रैल को होने वाले फाइनल में विजेता ट्रॉफी व प्राइजमनी के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। लीग में प्रतिदिन तीन मैच होंगे।“

लीग की ब्रांड एंबेसडर और जानी-मानी अभिनेत्री सबिता कलवार ने अपना उत्साह जाहिर करते हुए कहा, “हैंडबॉल की रफ्तार और जुनून का जो नया सफर लखनऊ से शुरू हो रहा है, मैं उसका हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित हूँ। यूपी के खिलाड़ियों का यह जज्बा पूरे देश में धूम मचाएगा।“

ये भी पढ़ें : लखनऊ में होगी ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’, ट्रॉफी का हुआ भव्य अनावरण

लीग का भव्य उद्घाटन नौ अप्रैल को दोपहर एक बजे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं विशिष्ट अतिथि विधायक सुशील सिंह (सैयद राजा विधानसभा) के करकमलों द्वारा किया जाएगा।

इस मौके पर लीग की मुख्य संरक्षक सीमा द्विवेदी (राज्यसभा सांसद) भी मौजूद रहेंगी। खेल प्रेमियों के लिए इस लीग का सीधा प्रसारण दूरदर्शन, वेव ओटीटी, फैन कोड, स्पोर्ट्स कास्ट पर किया जाएगा।

लीग में प्रतिभाग कर रही विभिन्न टीमों के मुख्य आकर्षण निम्नलिखित ‘आइकन प्लेयर्स’ होंगे:
  • काशी किंग्स: आइकन प्लेयर – अनीश यादव (इंटरनेशनल प्लेयर – वाराणसी)
  • मथुरा ब्रज स्टार: आइकन प्लेयर – निहाल जायसवाल (नेशनल प्लेयर – यूपी पुलिस)
  • नोएडा ब्लास्टर्स: आइकन प्लेयर – अंकित चौधरी (इंटरनेशनल प्लेयर – लखनऊ)
  • गाजियाबाद पैंथर्स: आइकन प्लेयर – अमान चौधरी (नेशनल प्लेयर – यूपी पुलिस)
  • बर्बरीक वारियर्स: आइकन प्लेयर – मोहित यादव (इंटरनेशनल प्लेयर – लखनऊ)
  • गोरखपुर राउडीज: आइकन प्लेयर – मनीष त्रिपाठी (इंटरनेशनल प्लेयर – गोरखपुर)
यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के मैचों का शेड्यूल
  • 9 अप्रैल :
    काशी किंग्स बनाम गोरखपुर राउडीज़ -2:15 PM
    मथुरा ब्रज स्टार बनाम बर्बरीक वॉरियर्स – 3:30 PM
    नोएडा ब्लास्टर्स बनाम गाजियाबाद पैंथर्स- 4:30 PM
  • 10 अप्रैल
    काशी किंग्स बनाम बर्बरीक वॉरियर्स – 2:15 PM
    गोरखपुर राउडीज़ बनाम गाजियाबाद पैंथर्स – 3:30 PM
    मथुरा ब्रज स्टार बनाम नोएडा ब्लास्टर्स – 4:30 PM
  • 11 अप्रैल
    काशी किंग्स बनाम गाजियाबाद पैंथर्स – 2:15 PM
    बर्बरीक वॉरियर्स बनाम नोएडा ब्लास्टर्स – 3:30 PM
    मथुरा ब्रज स्टार बनाम गोरखपुर राउडीज़ – 4:30 PM
  • 12 अप्रैल
    काशी किंग्स बनाम नोएडा ब्लास्टर्स – 2:15 PM
    गाजियाबाद पैंथर्स बनाम मथुरा ब्रज स्टार – 3:30 PM
    बर्बरीक वॉरियर्स बनाम गोरखपुर राउडीज़ – 4:30 PM
  • 13 अप्रैल
    काशी किंग्स बनाम मथुरा ब्रज स्टार – 2:15 PM
    नोएडा ब्लास्टर्स बनाम गोरखपुर राउडीज़ – 3:30 PM
    गाजियाबाद पैंथर्स बनाम बर्बरीक वॉरियर्स – 4:30 PM
  • 14 अप्रैल : फाइनल – शीर्ष 2 टीमें – 5:00 PM
लीग से जुड़ी प्रमुख जानकारियां:
  • प्रतिभागी टीमें: काशी किंग्स, मथुरा ब्रज स्टार, नोएडा ब्लास्टर्स, गाजियाबाद पैंथर्स, बर्बरीक वारियर्स (बस्ती), गोरखपुर राउडीज।
  • आयोजन तिथि : नौ से 14 अप्रैल, 2026
  • स्थान : भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी बहुउद्देश्यीय हाल, केडी सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ
  • कुल मैच : 16 (15 लीग, एक फाइनल)
  • मैच प्रारूप: दो हाफ (20-20 मिनट), दो मिनट का ब्रेक
  • पुरस्कार राशि: विजेता टीम –2 लाख रुपए, उपविजेता –1 लाख रुपए

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here