लखनऊ। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रविवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटन्स के बीच होने वाला मुकाबला सिर्फ दो टीमों की भिड़ंत नहीं, बल्कि घरेलू मैदान पर एलएसजी की साख की भी परीक्षा होगा।
एलएसजी ने इस सीजन में अब तक बाहर के मैदानों पर प्रभावशाली प्रदर्शन किया है, लेकिन अपने घरेलू मैदान इकाना पर उसका रिकॉर्ड अब भी चिंता का विषय बना हुआ है।
पिछले सत्र में टीम को यहां आठ में से छह मैचों में हार झेलनी पड़ी थी, जिसमें लगातार पांच मुकाबले गंवाना शामिल है। कुल आंकड़ों पर नजर डालें तो एलएसजी ने इस मैदान पर खेले गए 22 मैचों में सिर्फ नौ जीत दर्ज की है।
मौजूदा सत्र में भी घरेलू शुरुआत निराशाजनक रही, जब दिल्ली कैपिटल्स ने उसे महज 141 रन पर समेटते हुए छह विकेट से हराया। ऐसे में टीम इस मुकाबले में जीत के साथ-साथ अपने घरेलू प्रदर्शन को सुधारने की कोशिश करेगी।
हालांकि, एलएसजी के लिए सकारात्मक पक्ष यह है कि टीम ने हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स को उनके घरेलू मैदान पर हराकर आत्मविश्वास हासिल किया है। खासकर केकेआर के खिलाफ मुकाबले में 21 वर्षीय मुकुल चौधरी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए खुद को एक भरोसेमंद ‘फिनिशर’ के रूप में स्थापित किया।
राजस्थान के इस युवा बल्लेबाज ने अपने आदर्श महेंद्र सिंह धोनी की शैली में हेलीकॉप्टर शॉट समेत कई आकर्षक स्ट्रोक खेलकर सबका ध्यान खींचा। वहीं आयुष बडोनी की फॉर्म में वापसी और मिचेल मार्श, एडन मार्क्रम, कप्तान ऋषभ पंत तथा निकोलस पूरन जैसे बल्लेबाजों की मौजूदगी से टीम का बल्लेबाजी क्रम मजबूत नजर आ रहा है।
दूसरी ओर, गुजरात टाइटन्स भी जीत की लय में है। टीम ने अपने पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की थी, जिसमें राशिद खान ने तीन विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई।
गुजरात के लिए जोस बटलर की फॉर्म में वापसी और कप्तान शुभमन गिल का अर्धशतक लगाना भी सकारात्मक संकेत हैं, जिससे टीम का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है।
ये भी पढ़ें : आईपीएल: एलएसजी-गुजरात भिड़ंत से पहले कोचों का कॉन्फिडेंस हाई
दोपहर 3:30 बजे से खेले जाने वाले इस मुकाबले में इकाना की धीमी पिच पर स्पिनरों की भूमिका अहम रहने की संभावना है। ऐसे में राशिद खान और वाशिंगटन सुंदर एलएसजी के बल्लेबाजों के लिए चुनौती पेश कर सकते हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि एलएसजी अपने घरेलू मैदान पर पिछली गलतियों से सबक लेकर प्रदर्शन में सुधार कर पाती है या गुजरात अपनी जीत की लय को बरकरार रखते हुए एक और सफलता हासिल करता है।
लखनऊ सुपर जायंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान), मिचेल मार्श, एडन मार्क्रम, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, शाहबाज़ अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, एम सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नोर्किया, नमन तिवारी, मयंक यादव, मोहसिन खान।
गुजरात टाइटन्स : शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, जयंत यादव, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, राहुल तेवतिया, अरशद खान, अनुज रावत, कुलवंत खेजरोलिया, गुरनूर बरार, एम शाहरुख खान।













