प्रसिद्ध कृष्णा के 4 विकेट, गिल-बटलर की साझेदारी से गुजरात की जीत

0
58
प्रसिद्ध कृष्णा © BCCI

लखनऊ : संतुलित गेंदबाजी और सधी हुई बल्लेबाजी के दम पर गुजरात टाइटन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में एकतरफा अंदाज में सात विकेट से जीत दर्ज की।

पहले गेंदबाजों ने मेजबान टीम को सीमित स्कोर पर रोका और फिर शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा।

इकाना स्टेडियम पर सुपर जायंट्स के खिलाफ सात विकेट से दर्ज की जीत

इस मुकाबले में तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा (चार ओवर, 28 रन, चार विकेट) ने गेंद से कमाल दिखाया, जबकि कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर ने बल्ले से जिम्मेदारी निभाते हुए टीम को चार मैचों में दूसरी जीत दिलाई।

सुपर जायंट्स को 164 रन पर रोकने के बाद टाइटन्स ने 165 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। गिल ने 40 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाए।

गिल ने पहले विकेट के लिए साई सुदर्शन (15) के साथ 31 गेंदों में 45 रन जोड़े, जबकि दूसरे विकेट के लिए बटलर (60) के साथ 58 गेंदों में 84 रन की साझेदारी कर टीम की जीत की नींव रखी। लखनऊ की ओर से दिग्वेश राठी, मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव को एक-एक विकेट मिला।

इससे पहले गुजरात की गेंदबाजी इकाई ने मिलकर सुपर जायंट्स के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। प्रसिद्ध कृष्णा को मोहम्मद सिराज (चार ओवर में 19 रन पर एक विकेट) और अशोक शर्मा (चार ओवर में 32 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला।

कगिसो रबाडा को भी एक विकेट मिला, हालांकि उन्होंने चार ओवर में 54 रन खर्च किए। राशिद खान ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 25 रन दिए।

लखनऊ की पारी में एडेन मार्क्रम ने सर्वाधिक 30 रन बनाए, जबकि बाकी बल्लेबाज अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़ी पारी नहीं खेल सके। कप्तान ऋषभ पंत (18), निकोलस पूरन (19), अब्दुल समद (18) और मुकुल चौधरी (18) ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन कोई भी 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टीम की शुरुआत संयमित रही और पहले चार ओवर में केवल 25 रन बने। इसके बाद गिल ने पांचवें ओवर में मोहम्मद शमी के खिलाफ एक छक्का और तीन चौके लगाकर 20 रन बटोरे और इसी दौरान आईपीएल में अपने 4000 रन भी पूरे किए।

अगले ओवर में दिग्वेश राठी ने सुदर्शन को आउट कर पहली सफलता दिलाई। इसके बाद क्रीज पर आए बटलर ने तेजी से रन जुटाने शुरू किए। राठी के अगले ओवर में ऋषभ पंत ने उनका आसान कैच छोड़ दिया, जिसका फायदा बटलर ने उठाया। गिल और बटलर ने मिलकर पारी को संभाला और रन गति को लगातार बढ़ाते रहे।

शुभमन गिल व जोश बटलर © BCCI

गिल ने 12वें ओवर में आवेश खान के खिलाफ एक रन लेकर 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि बटलर ने उसी ओवर में लगातार तीन चौके लगाकर दबाव और बढ़ा दिया। बटलर ने जॉर्ज लिंडे की गेंद पर एक रन लेकर 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो टी20 क्रिकेट में उनका 100वां अर्धशतक रहा।

प्रिंस यादव ने गिल को आउट कर साझेदारी तोड़ी, जबकि शमी ने बटलर को पवेलियन भेजकर कुछ देर के लिए मुकाबले में रोमांच लौटाने की कोशिश की। हालांकि वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 21) और राहुल तेवतिया (नाबाद 10) ने बिना किसी दबाव के टीम को जीत तक पहुंचा दिया।

इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत तेज रही थी। मिचेल मार्श (चार गेंद में 11 रन) ने कगिसो रबाडा के ओवर में छक्का और चौका लगाकर आक्रामक शुरुआत की, लेकिन रबाडा ने उन्हें धीमी गेंद पर आउट कर दिया। उसी ओवर में मार्क्रम ने चौका लगाकर टीम का स्कोर आगे बढ़ाया।

दूसरी ओर मोहम्मद सिराज ने ऋषभ पंत को आउट कर बड़ा झटका दिया। मार्क्रम ने अशोक शर्मा की गेंद पर छक्का लगाकर छठे ओवर में टीम का अर्धशतक पूरा किया। पावरप्ले के बाद स्कोर दो विकेट पर 60 रन था।

मार्क्रम को अगले ओवर में दो जीवनदान मिले, लेकिन वह प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए। प्रसिद्ध ने इसके बाद आयुष बडोनी को भी पवेलियन भेजा, जिससे टीम की रन गति धीमी हो गई। आठवें से 12वें ओवर के बीच लखनऊ की टीम सिर्फ 18 रन ही जोड़ सकी।

अब्दुल समद ने रबाडा के खिलाफ लगातार चौके लगाकर रन गति बढ़ाने की कोशिश की, जबकि निकोलस पूरन ने राशिद खान के खिलाफ लगातार छक्के जड़े। हालांकि प्रसिद्ध ने पूरन को आउट कर इस साझेदारी को भी तोड़ दिया। इसके बाद अशोक शर्मा ने समद को चलता किया, जबकि मुकुल चौधरी भी ज्यादा देर नहीं टिक सके।

अंत में ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के रूप में उतरे जॉर्ज लिंडे (10 गेंद में 16 रन) और मोहम्मद शमी (पांच गेंद में नाबाद 12 रन) ने आखिरी दो ओवरों में 33 रन जोड़कर टीम को 164 रन तक पहुंचाया।

मैच के बाद चार विकेट लेने वाले प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा, “आज विकेट से अच्छी मदद मिल रही थी और मेरा ध्यान सिर्फ सही जगह पर गेंद डालने पर था।

लखनऊ के खिलाफ उनकी होम ग्राउंड पर खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन हमने एक इकाई के रूप में शानदार प्रदर्शन किया। चार विकेट लेना सुखद है, लेकिन सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मेरे स्पेल ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।”

ये भी पढ़ें : आईपीएल : गुजरात के खिलाफ एलएसजी दो विकेट गंवाकर मुश्किल में

ये भी पढ़ें : इकाना में एलएसजी की अग्निपरीक्षा, गुजरात से भिड़ंत में दांव पर घरेलू रिकॉर्ड

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here