अंडर-11 में अयांश-आरव चमके, विभिन्न वर्गों में हुए रोमांचक मुकाबले

0
36

लखनऊ। अयांश जोशी व आरव सिंह ने सुरेश चंद्र त्रिपाठी मेमोरियल लखनऊ जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 में अंडर-11 बालक एकल में रोमांचक जीत दर्ज करते हुए अंतिम-16 में जगह बनाई। दूसरी ओर विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया।

सुरेश चंद्र त्रिपाठी मेमोरियल लखनऊ जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026

लखनऊ बैडमिंटन एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त एवं स्वराज कल्याण सेवा संस्थान द्वारा मिनी स्टेडियम, विनय खंड, गोमती नगर में आयोजित टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. सोमेंद्र तोमर (राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार, ऊर्जा) ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया।

इस दौरान ज़ेनस सोलर के निदेशक संदीप द्विवेदी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। इससे पूर्व आयोजन सचिव संजय त्रिपाठी ने अतिथिगण का स्वागत किया, जबकि आयोजन अध्यक्ष विपुल वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

पहले दिन अंडर-11 बालक एकल के राउंड 32 में शटल एस के अयांश जोशी ने युग अंकित गुप्ता को बेहद संघर्षपूर्ण मैच में 22-20 से हराया। वहीं शटल एस के ही आरव सिंह ने भी श्रीराम ग्लोबल के आरव राज को 24-22 से हराकर अंतिम 16 में प्रवेश किया।

अंडर-15 बालक एकल के राउंड 64 में भी कई भी कई रोमांचक मैच खेले गए। इसमें डिवाइन के कार्तिकेय सिंह ने शटलर एस के अनिमेश राज को 27-25 से शिकस्त दी।

गौरव खन्ना एक्सीलिया बैडमिंटन अकादमी के एकाश कनौजिया ने बीबीडी बैडमिंटन अकादमी के प्रशांत राजपूत को 21-15 से हराया। वहीं मेहर ने अन्वय मौर्या को 21-16 से और चौक स्टेडियम के सुमित यादव ने शटल एस के समृद्ध पाण्डेय को 21-16 से पराजित किया।

अंडर-13 बालक एकल के राउंड 64 में अर्णव सिंह ने दक्ष सक्सेना को 21-9 से हराया। वहीं केडी सिंह बाबू स्टेडियम के निश्चल राजेंद्र ने अपने ही स्टेडियम के एच दीपक सदाना को 21-16 से मात दी।

अंडर-17 बालक एकल के राउंड 64 में इंफिनाइट के त्रियाकाश ने जयपुरिया के प्रत्यूष उपाध्याय को 30-18 से हराया जबकि चौक स्टेडियम के आशीष कुमार ने आदित्य जायसवाल को 30-23 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।

ये भी पढ़ें : सुरेश चंद्र त्रिपाठी मेमोरियल लखनऊ जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट शुक्रवार से

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here