लखनऊ। मैन ऑफ द मैच विनोद सिंह (61) के बेहतरीन अर्धशतक और अनिल सिंह (3 विकेट) की उपयोगी गेंदबाजी से फायरबॉल्स मास्टर्स ने चतुर्थ अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को दूसरे सेमीफाइनल में सीवीसीएल को आठ रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
चतुर्थ अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट
आरडीएसओ स्टेडियम पर फायरबॉल्स मास्टर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में सात विकेट पर 145 रन का स्कोर बनाया।
सलामी बल्लेबाज जसविंदर खाता भी नहीं खोल सके जबकि उनके जोड़ीदार डा. अरुण ने 35 रन बनाए। फिर विनोद सिंह ने 53 गेंदों पर 7 चौके से 61 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं अजय कुमार ने 18 रन का योगदान किया। सीवीसीएल से राकेश जोशी व आशुतोष श्रीवास्तव को दो-दो विकेट की सफलता मिली।
जवाब में सीवीसीएल की टीम निर्धारित ओवर में आठ विकेट पर 137 रन ही बना सकी। टीम से राकेश जोशी 34 व संतोष उपाध्याय 32 रन बनाकर ही कुछ प्रतिरोध कर सके।
उनके अलावा नीरज तोमर (22) व आशुतोष श्रीवास्तव (19) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। फायरबॉल्स मास्टर्स से अनिल सिंह ने तीन विकेट की सफलता पाई जबकि अजय द्विवेदी, नय्यर जमाल, विनोद सिंह, अजय कुमार लाल व सर्वेंद्र सिंह को एक-एक विकेट की सफलता मिली।
टूर्नामेंट के नाकआउट राउंड में 17 मई को हुए एलिमिनेटर मैच में सीवीसीएल ने क्रिकेट बड्डीज को सात रन से हराकर दूसरे सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इसके बाद 23 मई को पहले सेमीफाइनल में केएसीसी ने फायरबॉल्स मास्टर्स को 23 रन से पराजित कर सीधे फाइनल में स्थान सुरक्षित किया था।
वहीं आज दूसरे सेमीफाइनल में फायरबॉल्स मास्टर्स ने सीवीसीएल को आठ रन से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। अब फाइनल में केएसीसी व फायरबॉल्स मास्टर्स आमने-सामने होंगे, जबकि तीसरे-चौथे स्थान के लिए सीवीसीएल व क्रिकेट बड्डीज के बीच मैच खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें : फायरबॉल्स मास्टर्स को जसविंदर, विनोद व सर्वेंद्र ने दिलाई जीत













