मुंबई। महाराष्ट्र दिव्यांग महिला क्रिकेट मंच और इंडियन व्हीलचेयर दिव्यांग खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेलों में योगदान के लिए जज़्बा भारत अवार्ड से सम्मानित किया गया। अंजुमन-ए-इस्लाम, मुंबई में आयोजित समारोह में विभिन्न खेलों में उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह की अध्यक्षता जज़्बा भारत अवार्ड की अध्यक्ष तमन्ना ने की, जबकि संचालन राज्य सलाहकार नरेश कुमार ने किया। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों की वर्तमान स्थिति, उनके सशक्तिकरण, मंच के उद्देश्यों तथा संगठन के संविधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी देश के विभिन्न जिलों और राज्यों में अलग-अलग खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित कर रहे हैं कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती। उन्होंने खिलाड़ियों को शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। साथ ही दिव्यांग महिला क्रिकेट खिलाड़ियों और व्हीलचेयर खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।
ये भी पढ़ें : एक ट्रायल, दो बड़े लक्ष्य; विश्वकप और एशियन गेम्स के लिए होगी टक्कर











