जूडो : यूपी की आयशा होगी उपाध्यक्ष, अकरम शाह कार्यकारिणी सदस्य

0
33

लखनऊ। जूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया (जेएफआई) की अंतरिम कार्यकारिणी समिति में उत्तर प्रदेश के दो प्रतिनिधियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।

इसमें उपाध्यक्ष पद पर आयशा मुनव्वर निर्वाचित हुई हैं, जबकि ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित अकरम शाह को उत्कृष्ट खिलाड़ी (आउटस्टैंडिंग स्पोर्ट्सपर्सन) प्रतिनिधि के रूप में कार्यकारिणी समिति का सदस्य चुना गया है।

उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में जूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया की अंतरिम कार्यकारिणी समिति के चुनाव रिटर्निंग ऑफिसर की देखरेख में हुए चुनाव के परिणामों के अनुसार मुकेश कुमार अध्यक्ष, बानी ब्रता दास महासचिव तथा शैलेश तिलक कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए।

उपाध्यक्ष पद के चुनाव में आयशा मुनव्वर ने सर्वाधिक 41 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की। उनकी जीत को जूडो समुदाय द्वारा उन पर जताए गए विश्वास और सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

वहीं भारतीय जूडो के दिग्गज खिलाड़ी और अर्जुन पुरस्कार विजेता अकरम शाह को उत्कृष्ट खिलाड़ी प्रतिनिधि के रूप में कार्यकारिणी समिति का सदस्य चुना गया। उन्हें इस पद के लिए कुल 32 मत प्राप्त हुए।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान उत्तर प्रदेश जूडो एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर एस. हलवासिया और महासचिव मुनव्वर अंजार अली सिद्दीकी भी उपस्थित रहे और उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी समिति के सदस्यों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की गई कि उनके नेतृत्व में भारतीय जूडो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल करेगा तथा देश का गौरव बढ़ाएगा।

ये भी पढ़ें : चैंपियनों की टक्कर, पहले मैच में यू मुंबा टीटी की डेम्पो गोवा चैलेंजर्स से टक्कर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here