लखनऊ। भारतीय गोल्फ के दिग्गज खिलाड़ी विजय कुमार की स्मृति में डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) ने ‘ डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सटजेन विजय कुमार मेमोरियल ‘ टूर्नामेंट के पहले संस्करण की घोषणा की है।
भारतीय गोल्फ के महान खिलाड़ी विजय कुमार की असाधारण विरासत को सम्मानित करने के लिए समर्पित यह टूर्नामेंट 9 से 11 जून तक लखनऊ गोल्फ क्लब में आयोजित होगा।
विजय कुमार के घरेलू कोर्स पर होने वाला यह टूर्नामेंट 2026 नेक्सजेन सीजन का पांचवां आयोजन होगा। प्रतियोगिता में 72 पेशेवर खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और कुल 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दांव पर होगी।
विजय कुमार के घरेलू कोर्स लखनऊ गोल्फ क्लब में आयोजित होगा टूर्नामेंट
टूर्नामेंट तीन राउंड 54 होल्स में खेला जाएगा, जिसमें दो राउंड यानि 36 होल्स के बाद कट लागू किया जाएगा। शीर्ष 36 खिलाड़ी और उनके साथ बराबरी पर रहने वाले खिलाड़ी तीसरे और अंतिम राउंड के लिए कट हासिल करेंगे।
टूर्नामेंट में 2026 नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर चल रहे बिपिन मुखिया के अलावा लखनऊ के राजेश कुमार गौतम, अभिषेक कुमार, विनय कुमार यादव, सुनीत चौरसिया (सभी इस वर्ष नेक्सजेन के विजेता) और 15 वर्षीय अर्जुनवीर शिशिर भी चुनौती पेश करेंगे।
स्थानीय खिलाड़ियों में अनुभवी संजय कुमार, ऋषि कुमार और आशीष कुमार गुप्ता भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इस वर्ष के नेक्सटजेन आर्डर ऑफ मेरिट के विजेता को 2027 सीजन के लिए मुख्य टूर यानी डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में खेलने का अवसर मिलेगा।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जोहल ने कहा कि यह आयोजन विजय कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि विजय कुमार केवल चैंपियन गोल्फर ही नहीं, बल्कि भारतीय गोल्फ के सच्चे दूत थे, जिन्होंने अपने खेल और व्यक्तित्व से कई पीढ़ियों को प्रेरित किया।
लखनऊ गोल्फ क्लब के कैप्टन आर.एस. नंदा ने कहा कि क्लब के लिए इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी करना गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह टूर्नामेंट लखनऊ में गोल्फ की लोकप्रियता बढ़ाने और नई प्रतिभाओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जय कुमार का इसी वर्ष 28 अप्रैल को 57 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। वर्ष 2002 इंडियन ओपन के विजेता विजय कुमार भारतीय पेशेवर गोल्फ के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। वह चार बार ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन रहे और उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने इंडियन ओपन का खिताब जीता।
29 सितंबर, 1968 को लखनऊ में जन्मे विजय कुमार ने 1988 में पेशेवर गोल्फ में कदम रखा। उन्होंने 1990 के दशक के मध्य से लेकर अगले दशक के शुरुआती वर्षों तक भारतीय घरेलू गोल्फ में अपना दबदबा कायम रखा और अनेक खिताब जीते।
वह अब भी उन नौ भारतीय गोल्फरों में शामिल हैं जिन्होंने इंडियन ओपन का खिताब जीता है। विजय कुमार ने 1999 में स्कॉटलैंड के सेंट एंड्रयूज़ में खेले गए अल्फ्रेड डनहिल कप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था। नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट का विजेता 2027 सीजन में मुख्य डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टूर में खेलने का अवसर हासिल करेगा।
ये भी पढ़ें : डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय ‘न्यू इंडिया एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित













