लखनऊ। लखनऊ के हैंडबॉल खिलाड़ी सुयश अवस्थी को चीन के चुझोउ शहर में आयोजित 19वीं एशियन पुरुष जूनियर (अंडर-21) हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए चयनित भारतीय पुरुष जूनियर टीम का कप्तान बनाया गया है। टीम में लखनऊ के ही निहाल सिंह को भी जगह मिली है।
भारतीय टीम 13 जुलाई की रात को कोलकाता से चीन के लिए रवाना होगी। सुयश अवस्थी और निहाल सिंह वर्तमान में केडी सिंह बाबू स्टेडियम में कोच मो.तौहीद (राष्ट्रीय हैंडबॉल कोच) के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। भारतीय टीम चुझोउ (चीन) में 15 से 26 जुलाई, 2026 तक आयोजित चैंपियनशिप में चुनौती पेश करेंगी।
सुयश अवस्थी पिछले चार साल से केडी सिंह बाबू स्टेडियम में नियमित अभ्यास कर रहे है। वह वर्ष 2024 में जयपुर में आयोजित आईएचएफ यूथ व जूनियर पुरुष ट्रॉफी (ज़ोन 2 एशिया चैंपियनशिप) में स्वर्ण विजेता
भारतीय यूथ टीम के सदस्य रहे थे। इसके अलावा वह साल 2025 में लखनऊ में हुई आईएचएफ ट्रॉफी पुरुष यूथ व जूनियर हैंडबॉल (कांटिनेंटल फेज – एशिया) में रजत विजेता भारतीय यूथ टीम का भी हिस्सा थे।
ये भी पढ़ें : यूपी की सौम्या श्रीवास्तव की भारतीय जूनियर महिला हैंडबॉल टीम में एंट्री
सुयश ने वर्ष 2025 में आयोजित 47वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक हैंडबॉल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की ओर से रजत पदक जीता था। इस चैंपियनिप में निहाल सिंह भी उत्तर प्रदेश की रजत पदक विजेता टीम के सदस्य रहे थे।
सुयश अवस्थी और निहाल सिंह के भारतीय टीम में चयन तथा सुयश को कप्तान बनाए जाने पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन की अध्यक्ष अलका दास, महासचिव डा.आनन्देश्वर पाण्डेय, कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय व कोषाध्यक्ष विनय कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं देते हुए भारतीय टीम के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कामना की।













