लखनऊ। अपराजिता घोषाल ने किरन अग्रवाल मेमोरियल लखनऊ जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप में महिला व अंडर-19 बालिका एकल के फाइनल में जीत से दोहरी विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। दूसरी ओर अक्षय पांडेय व आदित्य सिंह ने अपने-अपने जोड़ीदारों संग युगल में दोहरे खिताब जीते।
किरन अग्रवाल मेमोरियल लखनऊ जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में लखनऊ बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी, गोमतीनगर में आयोजित चैंपियनशिप के सीनियर व अंडर-19 वर्ग के फाइनल बुधवार को खेले गए।
महिला एकल फाइनल में अपराजिता घोषाल ने प्रतिद्वंद्वी स्नेहा सिंह के खिलाफ वाकओवर से जीत दर्ज की। वहीं बालिका अंडर-19 एकल के फाइनल में शीर्ष वरीय अपराजिता घोषाल ने अर्पणा सिंह को आसानी से 15-4, 15-4 से हराकर विजेता ट्रॉफी जीती।
बालक अंडर-19 एकल में शीर्ष वरीय अक्षय पांडेय ने दूसरी वरीय नीलेश भट्ट को 15-3, 16-14 से हराकर खिताब जीता। बालक अंडर-19 युगल फाइनल में अक्षय पांडेय व अतुल मोहन त्रिपाठी की जोड़ी ने अरिंजय प्रताप सिंह व शाश्वत कुमार शुक्ला को तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में 10-15, 15-8, 15-10 से हराया।
पुरुष एकल फाइनल में शीर्ष वरीय भूमेश उतरानी ने दूसरी वरीय नीलेश भट्ट को 15-6, 15-11 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पुरुष युगल में आदित्य सिंह व शौर्य प्रताप सिंह की जोड़ी ने हर्ष मिश्रा व पीयूष यादव को 15-10, 15-10 से हराया। मिश्रित युगल में आदित्य सिंह व स्नेहा सिंह की जोड़ी ने भूमेश उतरानी व श्वेता राज वर्मा को 16-14, 15-10 से शिकस्त दी।
पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह, उपाध्यक्ष अरुण कक्कड़ व कोषाध्यक्ष रविंद्र चौहान ने पुरस्कार वितरित किए। समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए आयोजन सचिव संदीप अग्रवाल ने अतिथिगण का स्वागत किया, जबकि आयोजन अध्यक्ष आयोजन अध्यक्ष राम मोहन अग्रवाल ने आभार जताया।
इस अवसर पर मुख्य निर्णायक अजय कुमार, डॉ. अनुराग दीक्षित, अभिजीत यादव, मुकेश श्रीवास्तव, गोपाल कृष्ण श्रीवास्तव, नवीन पटेल सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे। जिला चैंपियनशिप के अंतर्गत 2 से 4 अक्टूबर, 2026 तक अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 व अंडर-17 आयु वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
ये भी पढ़ें : पुरुष एकल में भूमेश, महिला एकल में अपराजिता फाइनल में













