चेरो आर्चर्स पर भारी पड़े राजपूताना रॉयल्स के तीरंदाज, 6-0 से जीता मुकाबला

1
39
Picture Credit – Archery Premier League

हैदराबाद: खराब प्रदर्शन के दौर से उबरते हुए गत चैंपियन राजपूताना रॉयल्स ने मंगलवार को आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) सीजन-2 में शानदार प्रदर्शन करते हुए चेरो आर्चर्स को 6-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। सोमवार को जीत की राह पर लौटने से पहले रॉयल्स को लगातार तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था।

लेकिन इस मुकाबले में टीम ने बेहतरीन लय दिखाते हुए एक भी सेट गंवाए बिना जीत हासिल की। इस जीत से राजपूताना रॉयल्स के छह अंक हो गए हैं और टीम सेमीफाइनल की दौड़ में मजबूती से बनी हुई है। चेरो आर्चर्स के भी छह अंक हैं।

कंपाउंड विश्व नंबर-1 एला गिब्सन के सभी छह तीर 10 के निशाने पर लगे, 60 अंक हासिल 
Picture Credit – Archery Premier League

रॉयल्स की जीत की सबसे बड़ी नायिका कंपाउंड विश्व नंबर-1 एला गिब्सन रहीं। उन्होंने अपने सभी छह तीर 10 के निशाने पर लगाकर संभावित 60 में से पूरे 60 अंक हासिल किए।

भारतीय तीरंदाजी संघ की पहल पर आयोजित दुनिया की पहली फ्रेंचाइजी आधारित तीरंदाजी लीग एपीएल में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें 36 भारतीय और 12 शीर्ष अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों सहित कुल 48 तीरंदाज शामिल हैं।

हैदराबाद के पीपुल्स प्लाजा में आयोजित इस लीग का समापन 18 अक्टूबर को होगा। शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल खेलेंगी, जिसके बाद खिताबी मुकाबला होगा।

चेरो आर्चर्स ने कुमकुम मोहोड़ की जगह अपनी अंतरराष्ट्रीय रिकर्व तीरंदाज कैसी कॉफहोल्ड को मैदान में उतारा, लेकिन अमेरिकी खिलाड़ी की शुरुआत में लगा महंगा सात का निशाना टीम पर भारी पड़ा।

चेरो को पहला सेट 73-74 से गंवाना पड़ा। दूसरे सेट में भी राजपूताना रॉयल्स ने 76-75 से बाजी मारी। चेरो के कंपाउंड तीरंदाजों के दो नौ के निशाने टीम को महंगे पड़े।

तीसरा सेट छह-छह तीरों के बाद 58-58 से बराबर रहा। इसके बाद शानदार फॉर्म में चल रहे अतनु दास ने अप्रत्याशित रूप से आठ का निशाना लगाया। वहीं, अंकिता भगत की जगह अपना पहला मुकाबला खेल रहीं संगीता ने रॉयल्स के लिए शानदार 10 का निशाना साधा।

जीत के लिए आठ अंक की जरूरत थी और टोक्यो ओलंपिक चैंपियन मेटे गाजोज ने नौ का निशाना लगाकर टीम की जीत पक्की कर दी। इसके बाद उन्होंने अपने खास अंदाज में जश्न मनाया और साथियों के साथ जांघों पर हाथ मारकर खुशी जाहिर की।

Picture Credit – Archery Premier League

जीत के बाद गाजोज ने कहा, “पहले चार दिनों में हमने अच्छी शुरुआत नहीं की थी। शायद सभी हमें याद कर रहे थे, क्योंकि मुझे लगता है कि एपीएल में ज्यादा ऊर्जा और डांस की जरूरत है। अब हम इसकी भरपाई कर रहे हैं।”

बुधवार को पहले मुकाबले में चेरो आर्चर्स का सामना पृथ्वीराज योद्धाज से होगा। पिछली भिड़ंत में दोनों टीमों के बीच कई बार सडन डेथ का रोमांच देखने को मिला था, जिसमें अंततः योद्धाज ने जीत हासिल की थी।

ये भी पढ़ें : शूटऑफ में पीले घेरे पर सटीक निशाना, मराठाज ने चेरो के जबड़े से छीनी जीत

दूसरे मुकाबले में काकतीय नाइट्स और राजपूताना रॉयल्स आमने-सामने होंगे, जबकि दिन का अंतिम मुकाबला चोला चीफ्स और माइटी मराठाज के बीच खेला जाएगा।

आर्चरी प्रीमियर लीग सीजन-2 का सीधा प्रसारण सोनीलिव, दूरदर्शन, भारतीय तीरंदाजी संघ के यूट्यूब चैनल और आर्चरी+ पर किया जा रहा है। टिकट जोमैटो के डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here