नई दिल्ली। आईपीएल में अब तक खिताब का इंतजार कर रही दिल्ली कैपिटल्स ने आगामी सत्र के लिए अपने कोचिंग स्टाफ को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
फ्रेंचाइजी ने पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह को सहायक और बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। मुख्य कोच के रूप में सौरव गांगुली की नियुक्ति के करीब एक सप्ताह बाद यह घोषणा की गई। युवराज पहली बार औपचारिक रूप से किसी टीम के कोचिंग स्टाफ में शामिल होकर अपनी नई भूमिका निभाएंगे।
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर होंगे सहायक और बल्लेबाजी कोच
दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने पर युवराज ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी के साथ उनका पुराना जुड़ाव रहा है और वह सौरव गांगुली के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं। पूर्व ऑलराउंडर ने टीम की सफलता में योगदान देने की उम्मीद भी जताई।
युवराज का दिल्ली की फ्रेंचाइजी से पहले भी जुड़ाव रहा है। वर्ष 2015 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने उन्हें 16 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस समय वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। उन्होंने उस सत्र में टीम के लिए सभी 14 मैच खेले थे।
2015 में दिल्ली ने 16 करोड़ रुपये में खरीदा था
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में युवराज का अनुभव भी उनकी नई भूमिका में अहम साबित हो सकता है। उन्होंने भारत के लिए 304 वनडे, 40 टेस्ट और 58 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
अपने खेल करियर के बाद वह कई युवा भारतीय खिलाड़ियों के मार्गदर्शक के रूप में भी जुड़े रहे हैं। शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह जैसे खिलाड़ियों के साथ उन्होंने काम किया है। खराब फॉर्म के दौरान ऋषभ पंत भी उनसे सलाह ले चुके हैं। पंत अब दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं।
पहले खिताब की तलाश में दिल्ली कैपिटल्स
दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और सह-मालिक पार्थ जिंदल ने युवराज का स्वागत करते हुए उनके अनुभव, जीत की मानसिकता और खिलाड़ियों के साथ बेहतर तालमेल बनाने की क्षमता को टीम के लिए महत्वपूर्ण बताया।
दिल्ली कैपिटल्स को अब भी अपने पहले आईपीएल खिताब का इंतजार है। टीम ने 2020 में फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन खिताब जीतने में नाकाम रही। पिछले दो सत्रों में भी टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। ऐसे में युवराज और गांगुली की जोड़ी से फ्रेंचाइजी को आगामी सत्र में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
ये भी पढ़ें : चेरो आर्चर्स पर भारी पड़े राजपूताना रॉयल्स के तीरंदाज, 6-0 से जीता मुकाबला













