कानपुर। उत्तर प्रदेश साइक्लिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को ट्रांस गंगा क्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय रोड साइक्लिंग ट्रायल में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लगभग 80 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
रजत आदित्य दीक्षित व डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय ने दिखाई हरी झंडी
लगभग तीन किलोमीटर लंबे निर्धारित रोड सर्किट पर आयोजित ट्रायल में खिलाड़ियों ने अपनी गति, सहनशक्ति और तकनीकी कौशल का परिचय दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के संयुक्त सचिव एवं कानपुर साइक्लिंग एसोसिएशन के सचिव रजत आदित्य दीक्षित ने सीनियर एवं जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर ट्रायल का शुभारंभ किया।
वहीं लखनऊ साइक्लिंग एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया के निदेशक डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय ने सब-जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सुबह आठ बजे शुरू हुआ ट्रायल शाम चार बजे तक चला। इसमें लखनऊ, कानपुर, मेरठ, मुरादाबाद, आगरा, अलीगढ़, झाँसी, हरदोई, गाजियाबाद, सुल्तानपुर, बुलंदशहर, मिर्जापुर, हमीरपुर, मऊ, शामली और वाराणसी सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य अतिथि रजत आदित्य दीक्षित ने प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित अभ्यास, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों एवं तकनीकी अधिकारियों के योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय ने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रदेश में साइक्लिंग खेल को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के राज्य स्तरीय ट्रायल से उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। नियमित प्रशिक्षण एवं उचित मार्गदर्शन से खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
तकनीकी अधिकारियों की देखरेख में संपन्न हुआ ट्रायल
राज्य स्तरीय ट्रायल का संचालन उत्तर प्रदेश साइक्लिंग एसोसिएशन के तकनीकी अधिकारियों एवं निर्णायकों की देखरेख में किया गया।
प्रतियोगिता के तकनीकी संचालन में विभिन्न जनपदों से आए अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें मुरादाबाद से बुरहान अली, मेरठ से किरण पाल सिंह, उन्नाव से आर.के. पीड़ित एवं प्रवेश शुक्ला तथा कानपुर से नदीम अहमद, अरुण कुमार सक्सेना एवं सुजीत कुमार शामिल रहे।
आयोजन में उत्तर प्रदेश साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष राम सकल गुर्जर, चेयरमैन धीरेन्द्र सिंह सचान, कोषाध्यक्ष कमहिया गुर्जर तथा महासचिव एवं आयोजन सचिव आर.के. गुप्ता के मार्गदर्शन एवं संगठनात्मक सहयोग का विशेष योगदान रहा।
ये भी पढ़ें : कोबुडो नेशनल में लखनऊ की धूम, 9 स्वर्ण समेत 14 पदक जीते
ट्रायल के समापन पर मुख्य अतिथि रजत आदित्य दीक्षित ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदेश में साइक्लिंग गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
लगभग 80 खिलाड़ियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ संपन्न इस राज्य स्तरीय ट्रायल ने प्रदेश के उभरते साइक्लिस्टों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।













