मोहाली: पंजाब एफसी के मुख्य कोच पावलोस डर्मिट्ज़ाकिस का मानना है कि उनकी टीम के आखिरी पलों में गोल करने की आदत उसके मजबूत चरित्र को दर्शाती है।
उन्हें उम्मीद है कि रविवार, 25 अक्टूबर को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 में नवागंतुक चर्चिल ब्रदर्स के खिलाफ गोवा में होने वाले मुकाबले में टीम अपने प्रदर्शन में और सुधार करेगी।
पंजाब एफसी ने अपने शुरुआती दो मैचों से चार अंक हासिल किए हैं और अब तक उसे हार का सामना नहीं करना पड़ा है। हालांकि, टीम के गोल करने के समय ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है।
टीम का जज़्बा और ‘हार नहीं मानने’ की मानसिकता
पंजाब एफसी के शुरुआती दोनों मुकाबलों का फैसला आखिरी पलों में हुआ। ओडिशा एफसी के खिलाफ मैच के पहले ही मिनट में गोल करने वाले राफेल मेसी बौली ने इंजरी टाइम के पांचवें मिनट में एक और गोल दागकर टीम को 2-1 से जीत दिलाई।
इसके बाद मुंबई सिटी एफसी के खिलाफ अपने पूर्व क्लब के सामने गुरकीरत सिंह ने 90वें मिनट में हेडर से गोल कर पंजाब को 1-1 की बराबरी दिलाई।
डर्मिट्ज़ाकिस ने कहा, “मैच के अंतिम मिनटों में गोल करना दिखाता है कि हमारी टीम में ताकत और दमखम है। यह हमारे चरित्र और मानसिकता को दर्शाता है और साबित करता है कि हमारी टीम ऐसी है जो हार मानने से इनकार करती है।” ग्रीक कोच ने इन आखिरी मिनटों में किए गए गोलों का श्रेय टीम की तैयारी और बेंच पर मौजूद खिलाड़ियों को दिया।
उन्होंने कहा, “इसमें हमारी रणनीति की अहम भूमिका है। साथ ही, वे खिलाड़ी भी महत्वपूर्ण हैं जो स्थानापन्न के रूप में मैदान पर उतरते हैं और जिन्हें मैच में उतरने पर एक खास जिम्मेदारी सौंपी जाती है।”
रणनीतिक संतुलन और रक्षात्मक संगठन
तीन गोल करने और दो गोल खाने वाली पंजाब एफसी के प्रदर्शन में डर्मिट्ज़ाकिस को अच्छा संतुलन नजर आ रहा है।
उन्होंने कहा, “कुल मिलाकर, हमारी टीम संतुलन को ध्यान में रखकर बनाई गई है। मैं संतुष्ट हूं क्योंकि हम मौके बना रहे हैं और हर मैच में गोल कर रहे हैं। हमारी रक्षात्मक व्यवस्था भी संतोषजनक है।”
पंजाब के खिलाफ दोनों गोल खुले खेल के दौरान नहीं हुए। ओडिशा एफसी ने कॉर्नर से मिले मौके पर हेडर के जरिए बराबरी की, जबकि मुंबई सिटी एफसी ने पेनल्टी पर गोल किया। कोच ने बताया कि टीम अभ्यास सत्रों में सेट-पीस परिस्थितियों पर काम कर रही है।
सतर्क रणनीति और खिलाड़ियों की स्थिति
चर्चिल ब्रदर्स अपनी क्षमता का परिचय पहले ही दे चुके हैं। टीम ने आईएसएल में अपने पदार्पण मुकाबले में मुंबई सिटी एफसी को 2-1 से हराया था, लेकिन इसके बाद उसे घरेलू मैदान पर मौजूदा चैंपियन ईस्ट बंगाल के खिलाफ 0-4 से हार झेलनी पड़ी।
हालांकि, डर्मिट्ज़ाकिस को नहीं लगता कि पिछली हार का असर अगले मुकाबले में चर्चिल ब्रदर्स के प्रदर्शन पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा, “आईएसएल में पिछली जीत या हार का अगले मैच की मानसिकता और प्रदर्शन पर उतना ज्यादा असर नहीं पड़ता। चर्चिल ब्रदर्स एक उत्साही टीम है, जो आईएसएल में नई है।
हम उन मौकों का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे, जब हमें लगेगा कि विपक्षी टीम तैयार नहीं है, लेकिन हमें बेहद सतर्क रहना होगा।” सितंबर में पंजाब एफसी से जुड़े पूर्व लेवांते मिडफील्डर मिकाएल माल्सा को टीम के दल में शामिल किया गया है।
ये भी पढ़ें : इंजरी टाइम में मेस्सी बोउली का गोल, पंजाब एफसी ने ओडिशा को हराया
डर्मिट्ज़ाकिस ने कहा, “वह एक सच्चे पेशेवर खिलाड़ी हैं, जो पूरी तरह फिट और तैयार होने के लिए हर दिन मेहनत करते हैं।” डिफेंडर पैट्रिक बहानाक मामूली चोट से उबरने के बाद वापसी की प्रक्रिया में हैं। कोच ने स्पष्ट किया कि उन्हें जल्दबाजी में मैदान पर नहीं उतारा जाएगा।
उन्होंने कहा, “जब भी किसी खिलाड़ी को चोट लगती है, हम उसकी वापसी में कभी जल्दबाजी नहीं करते।” डर्मिट्ज़ाकिस के लिए रविवार के मुकाबले का लक्ष्य स्पष्ट है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य हमेशा की तरह अच्छा प्रदर्शन करना और सकारात्मक परिणाम हासिल करना है।”













