लखनऊ। एलडीए ग्राउंड पर खेले गए प्रथम स्व. मोहम्मद नवाब मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मैच में रॉयल्स स्पोर्ट्स गंज (आरएसजी) अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेज क्रिकेट अकादमी सीनियर को 171 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया। यह मुकाबला 35-35 ओवर का था।
प्रथम स्व. मोहम्मद नवाब मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट
टूर्नामेंट का आयोजन शीशमहल क्रिकेट क्लब द्वारा किया जा रहा है। आज के मैच में आरएसजी अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 8 विकेट पर 288 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
टीम के कप्तान देश दीपक भारती ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों पर 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 92 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज वात्सल्य श्रीवास्तव ने 59 गेंदों पर 79 रन (8 चौके, 3 छक्के) की पारी खेली। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 151 रनों की साझेदारी हुई। वरुण राय ने 34 और द पांडे ने 32 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेज अकादमी सीनियर की टीम 28.1 ओवर में 117 रन पर ढेर हो गई। आयुष सिंह ने 35 और रितिक राठौर ने 33 रन बनाए।
आरएसजी की ओर से गेंदबाजी में अभिषेक सोनी ने 7 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि राम दीक्षित ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 2 मेडन के साथ महज 8 रन देकर 3 विकेट लिए। रक्षित प्रताप और हर्ष सिंह को 1-1 विकेट मिला।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए आरएसजी अकादमी के कप्तान देश दीपक भारती को मैन ऑफ द मैच चुना गया।













