लखनऊ।* 35वीं वाहिनी पीएसी, महानगर के शहीद चंद्रशेखर आजाद क्रीड़ा संकुल में आयोजित 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर (एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग) प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन मेरठ और वाराणसी जोन के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। प्रतियोगिता में दो नए कीर्तिमान स्थापित हुए।
महिला 400 मीटर दौड़ में लखनऊ की मीनू साहू व पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ में सचिन कुमार को स्वर्ण
लखनऊ जोन की मीनू साहू ने महिला 400 मीटर दौड़ में नया रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज में प्रयागराज जोन के आशीष पाल ने कीर्तिमानी प्रदर्शन के साथ पहला स्थान हासिल किया।
लखनऊ जोन के सचिन कुमार ने पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा लखनऊ के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में रजत और कांस्य पदक भी अपने नाम किए।
मीनू साहू और आशीष पाल ने बनाए नए कीर्तिमान
महिला 400 मीटर दौड़ के फाइनल में लखनऊ जोन की मीनू साहू ने 54.36 सेकंड का समय निकालते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया और पहला स्थान हासिल किया। मेरठ जोन की योगेश कुमारी दूसरे और टीना तीसरे स्थान पर रहीं।
पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज में प्रयागराज जोन के आशीष पाल ने 8 मिनट 44.14 सेकंड का समय लेकर नया रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता। लखनऊ जोन के विशाल यादव दूसरे और वाराणसी जोन के राघव तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में मेरठ की खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण
महिला 30 किलोमीटर साइकिलिंग में मेरठ जोन की आरती ने 50 मिनट 11.20 सेकंड में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। गोरखपुर जोन की मायावती दूसरे और मेरठ की बुलबुल तीसरे स्थान पर रहीं।
महिला 100 मीटर बाधा दौड़ में मेरठ जोन की अन्नू ने स्वर्ण पदक जीता। आगरा जोन की सोनिया चौधरी दूसरे और लखनऊ जोन की संजू तीसरे स्थान पर रहीं। त्रिकूद में मेरठ जोन की खुशबू वर्मा ने 11.95 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया।
74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर
महिला हैमर थ्रो में मेरठ जोन की प्रीति ने 56.56 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता। वाराणसी जोन की कोमल मिश्रा 55.46 मीटर के प्रदर्शन के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज में मेरठ की शैली धामा ने पहला और काजल शर्मा ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि लखनऊ जोन की रक्षा परिहार तीसरे स्थान पर रहीं।
पुरुष साइकिलिंग में मेरठ का क्लीन स्वीप
पुरुष 40 किलोमीटर साइकिलिंग में मेरठ जोन के खिलाड़ियों ने तीनों पदक अपने नाम किए। केशव शर्मा ने 53 मिनट 35 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। मुकुल दूसरे और वीरेश तीसरे स्थान पर रहे।
पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ में लखनऊ जोन के सचिन कुमार ने 14.80 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। वाराणसी जोन के अतुल यादव दूसरे और बरेली जोन के आयुष राणा तीसरे स्थान पर रहे।
पुरुष 400 मीटर दौड़ में वाराणसी जोन के शिवांग मिश्रा ने 47.94 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। मेरठ जोन के लविश दूसरे और नदीम तीसरे स्थान पर रहे।
पुरुष चक्का फेंक में वाराणसी जोन के दीपक यादव ने 54.58 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया। मेरठ जोन के अनुराग दूसरे और आशीष तीसरे स्थान पर रहे।
ये भी पढ़ें : विशाल, रवींद्र और सूरज ने जीते स्वर्ण, पुलिस एथलेटिक्स में लखनऊ का दबदबा












