आईपीएल 2026 का आगाज लखनऊ में रोमांचक मैच से होने जा रहा है, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इस मैच में सिर्फ दो टीमों की टक्कर नहीं, बल्कि रणनीति, संतुलन और खिलाड़ियों के फॉर्म की असली परीक्षा देखने को मिलेगी।
सबसे ज्यादा ध्यान कप्तान ऋषभ पंत पर रहेगा, जो इस सीजन खुद को साबित करने के मिशन के साथ उतरेंगे। पिछले सीजन में वे कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों में उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए थे, वहीं टीम को तेज गेंदबाजों की चोटों ने भी काफी प्रभावित किया था। लेकिन इस बार लखनऊ की टीम पूरी तरह फिट और ज्यादा संतुलित नजर आ रही है।

लखनऊ की सबसे बड़ी ताकत इस बार उसका संतुलित संयोजन और मजबूत गेंदबाजी आक्रमण है। मोहम्मद शमी और एनरिक नॉर्टजे के शामिल होने से पेस अटैक काफी खतरनाक हो गया है।
युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव ने अपनी फिटनेस पर खास काम किया है, जिससे टीम को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं, जबकि मोहसिन खान की वापसी भी गेंदबाजी को और मजबूती देती है। स्पिन विभाग में दिग्वेश राठी और ऑलराउंड विकल्प टीम को गहराई प्रदान करते हैं।

बल्लेबाजी की बात करें तो लखनऊ का टॉप ऑर्डर काफी दमदार दिख रहा है। मिचेल मार्श और एडन मार्करम की ओपनिंग जोड़ी तेज शुरुआत देने की क्षमता रखती है। पंत तीसरे नंबर पर उतर सकते हैं, जबकि मिडिल ऑर्डर में निकोलस पूरन टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।
दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स के सामने सबसे बड़ी चुनौती टॉप ऑर्डर में स्थिरता लाने की है। पिछले सीजन में ओपनिंग जोड़ी लगातार बदलती रही थी। इस बार केएल राहुल पारी की शुरुआत करेंगे, लेकिन उनके जोड़ीदार को लेकर अभी भी स्थिति साफ नहीं है। मिडिल ऑर्डर में डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स टीम को मजबूती देते नजर आएंगे।
गेंदबाजी में दिल्ली भी किसी से कम नहीं है। कप्तान अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसे मैच विनर टीम में मौजूद हैं। हालांकि मिचेल स्टार्क चोट के कारण पहला मैच नहीं खेल पाएंगे, लेकिन लुंगी एनगिडी से टीम को अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी।











