नई दिल्ली : केरल के कोच्चि स्थित जवाहरलाल नेहरू इंटरनेशनल स्टेडियम में 31 मार्च 2026 को एएफसी एशियन कप सऊदी अरब 2027 क्वालिफायर्स के फाइनल राउंड में भारत की सीनियर पुरुष राष्ट्रीय टीम का अंतिम मैच हांगकांग, चीन के खिलाफ खेला जाएगा।
यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। करीब 10 वर्षों बाद कोच्चि का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम ब्लू टाइगर्स के किसी मैच की मेजबानी करेगा। मार्च 2016 में भारत ने इसी मैदान पर फीफा विश्व कप क्वालिफायर में तुर्कमेनिस्तान का सामना किया था।
यह आखिरी मौका भी था जब भारतीय सीनियर पुरुष टीम ने केरल में कोई मैच खेला था। भारत एएफसी एशियन कप 2027 के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ से बाहर हो चुका है, लेकिन टीम अपने क्वालिफाइंग अभियान का समापन जीत के साथ करना चाहेगी।
हालांकि क्वालिफायर्स के संदर्भ में यह मैच औपचारिकता भर है क्योंकि हांगकांग भी प्रतियोगिता से बाहर हो चुका है, फिर भी इसमें फीफा रैंकिंग के महत्वपूर्ण अंक दांव पर होंगे।
एएफसी एशियन कप सऊदी अरब 2027 क्वालिफायर्स के फाइनल राउंड में यह भारत का तीसरा अलग घरेलू मैदान होगा। इससे पहले पिछले मार्च में बांग्लादेश के खिलाफ मैच शिलांग में खेला गया था, जबकि पिछले अक्टूबर में
सिंगापुर के खिलाफ मुकाबला मडगांव में आयोजित हुआ था।
ये भी पढ़ें : भारतीय अंडर-17 महिला टीम की शानदार वापसी, म्यांमार को हराया













