नई दिल्ली: अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने भारत के पूर्व फॉरवर्ड सैयद हबीबुल हसन हमीद के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उनका निधन शुक्रवार, 6 मार्च 2026 को हुआ। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटी और दो बेटे हैं।
सैयद हबीबुल ने भारत के लिए एक अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। उन्होंने 1964 एएफसी एशियन कप में तेल अवीव में हांगकांग (चीन) के खिलाफ भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जिसमें भारत ने 3-1 से जीत दर्ज की थी। वह 1960 रोम ओलंपिक में भारतीय दल का हिस्सा रहे थे और 1964 के प्री-ओलंपिक टूर्नामेंट में भी टीम के साथ शामिल थे।
एआईएफएफ के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने कहा, “सैयद हबीबुल हसन हमीद अपने समय के एक शानदार फॉरवर्ड थे।भारतीय फुटबॉल में उनके योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
भारतीय फुटबॉल समुदाय की ओर से मैं उनके परिवार, मित्रों और पूरे फुटबॉल जगत के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।”
घरेलू स्तर पर उन्होंने संतोष ट्रॉफी में हैदराबाद, बंगाल और महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व किया। 1963 में उन्होंने महाराष्ट्र के साथ संतोष ट्रॉफी खिताब जीता था।
क्लब फुटबॉल में उन्होंने सिटी कॉलेज ओल्ड बॉयज़ (हैदराबाद), मोहम्मडन स्पोर्टिंग, ईस्ट बंगाल और टाटा स्पोर्ट्स के लिए खेला। मोहम्मडन स्पोर्टिंग के साथ उन्होंने आगा खान गोल्ड कप (1960),
डॉ. एच.के. मुखर्जी शील्ड (1960) और डीसीएम ट्रॉफी (1961) जीती। इसके अलावा ईस्ट बंगाल के साथ 1962 में (संयुक्त रूप से) रोवर्स कप भी अपने नाम किया।
ये भी पढ़ें : इमरान के गोल से चेन्नइयन एफसी की पहली जीत, केरल ब्लास्टर्स को हराया













