आइज़ॉल एफसी ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी कर मिजो डर्बी में दर्ज की जीत

0
21

आइज़ॉल : आइज़ॉल एफसी ने दो गोल से पिछड़ने के बाद दूसरे हाफ में शानदार वापसी करते हुए स्टार सीमेंट इंडियन फुटबॉल लीग 2025-26 के मिजो डर्बी में चानमारी एफसी को 3-2 से हराया।

आइज़ॉल एफसी – 3 (विन्सेंटलालदुहावमा 51’, लालडॉन्गजुआला 66’, 69’) चानमारी एफसी – 2 (मालसावमसांगारेंथलेई 19’, जोटा 44’ पेन)

पहले हाफ में मालसावमसांगारेंथलेई और जोटा के गोल की बदौलत चानमारी ने 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी, लेकिन दूसरे हाफ में विन्सेंटलालदुहावमा और लालडॉन्गजुआला के दो गोलों ने मैच का पासा पलटते हुए आइज़ॉल को तीनों अंक दिलाए।

इस जीत के साथ आइज़ॉल एफसी पांच मैचों में आठ अंकों के साथ अस्थायी रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि चानमारी एफसी इतने ही मैचों में पांच अंकों के साथ सातवें स्थान पर रही। लालडॉन्गजुआला को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

आइज़ॉल एफसी के मुख्य कोच आर. लालरुआतफेला ने इस सीजन पहली बार दो विदेशी खिलाड़ियों को शुरुआती एकादश में शामिल किया, जबकि चानमारी एफसी के कोच विक्टरलालबियाकमाविया ने अपनी टीम में तीन बदलाव किए।

चानमारी ने आक्रामक शुरुआत की और शुरुआती मिनटों में आइज़ॉल पर दबाव बनाया। 18वें मिनट में मालसावमसांगारेंथलेई के एक ऊंचे पास ने अप्रत्याशित रूप से गोल का रूप ले लिया, जब गोलकीपर वानलालह्रियातपुइया गेंद पर नियंत्रण नहीं रख सके और गेंद सीधे नेट में चली गई।

आइज़ॉल ने धीरे-धीरे मैच में वापसी की कोशिश की, लेकिन चानमारी ने मजबूत डिफेंस के साथ उन्हें रोककर रखा।हाफ टाइम से ठीक पहले चानमारी को पेनल्टी मिली, जिसे जोटा ने गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया।
दूसरे हाफ की शुरुआत में ही आइज़ॉल ने वापसी के संकेत दिए।

51वें मिनट में बॉक्स के अंदर हुई अफरातफरी के बाद विन्सेंटलालदुहावमा ने गेंद को गोल में डालकर अंतर कम किया। इसके बाद 66वें और 69वें मिनट में लालडॉन्गजुआला ने दो शानदार हेडर गोलकर टीम को 3-2 की बढ़त दिला दी।

पीछे होने के बाद चानमारी ने बराबरी के लिए जोरदार प्रयास किए, लेकिन आइज़ॉल की डिफेंस ने हर हमले को नाकाम कर दिया। इंजरी टाइम में वानलालह्रियातपुइया ने शानदार बचाव कर टीम की बढ़त बरकरार रखी।
अंततःआइज़ॉल एफसी ने बढ़त बनाए रखते हुए इस रोमांचक मिजोडर्बी में जीत दर्ज की और तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here