स्थानीय कर्नल एसएन मिश्रा ओबीई मेमोरियल स्कूल, लखनऊ में आयोजित लखनऊ जिला शतरंज आयु वर्ग चैंपियनशिप में आज अंडर-13 ओपन वर्ग के मुकाबले खेले गए।
इस वर्ग में कुल 9 अंतर्राष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया, जिसमें नौवीं वरीयता प्राप्त अमय राजेन्द्र (अंतर्राष्ट्रीय रेटिंग 1411) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी को चौंका दिया।
उन्होंने शुरुआती चारों चक्रों में लगातार जीत दर्ज कर एक अंक की बढ़त बना ली। पांचवें एवं अंतिम चक्र में भार्गव पोरवाल के आक्रमण का सफलतापूर्वक सामना करते हुए मुकाबला ड्रॉ कराया और कुल 4.5 अंकों के साथ अंडर-13 आयु वर्ग में लखनऊ जिला चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
वहीं, सक्षम श्रीवास्तव 4 अंकों के साथ उपविजेता रहे, जबकि पार्थ गुप्ता ने 3.5 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ी 4 से 7 मई 2026 तक सीतापुर में आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश राज्य शतरंज चैंपियनशिप में लखनऊ जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अंत में, कर्नल एसएन मिश्रा ओबीई मेमोरियल स्कूल की डायरेक्टर प्रीति शुक्ला ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर बधाई दी एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ये भी पढ़ें : लखनऊ जिला शतरंज चैंपियनशिप में अक्षत, दियारा और सान्वी बने चैंपियन













