लखनऊ : रमज़ान-उल-मुबारक के मुक़द्दस महीने के आगाज़ पर आज वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री मोहसिन रज़ा ने इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया, ऐशबाग ईदगाह, लखनऊ में विश्व प्रतिष्ठित और वरिष्ठ मुस्लिम धर्मगुरु, मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर मोहसिन रज़ा ने मौलाना को रमज़ान की तहेदिल से मुबारकबाद पेश की और देश व प्रदेश में अमन, चैन और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी। यह मुलाकात न केवल व्यक्तिगत सौहार्द का प्रतीक रही, बल्कि इसने समाज में एकता ,सम्मान व प्रेम के संदेश को भी मजबूती से रेखांकित किया।
विद्वत्ता और नेतृत्व के इस संगम पर मोहसिन रज़ा ने मौलाना साहब द्वारा समाज को दिए जा रहे मार्गदर्शन की सराहना की। गौरतलब है कि मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली न केवल एक उच्च कोटि के विद्वान हैं,
बल्कि वह अध्यक्ष मरकजी चांद कमेटी (ऐशबाग ईदगाह), इमाम ऐतिहासिक ईदगाह, लखनऊ, कार्यकारी सदस्य ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड और नायब नाज़िम दारुल उलूम नदवतुल उलेमा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक और प्रशासनिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
मुलाकात के दौरान मोहसिन रज़ा ने कहा, “रमज़ान का महीना हमें धैर्य, संयम और मानवता की सेवा का पाठ सिखाता है और मौलाना साहब जैसे वरिष्ठ धर्मगुरुओं का मार्गदर्शन समाज में सद्भाव बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है।”
वहीं, मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने भी रमज़ान के चांद और इबादत के महत्व पर चर्चा करते हुए सभी देशवासियों को इस पाक महीने की शुभकामनाएं दीं और गंगा-जमुनी संस्कृति को संजोए रखने पर बल दिया। इस भेंट ने सांप्रदायिक सौहार्द, आपसी एकता और वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति सम्मान के संकल्प को पुनः दोहराया है।
ये भी पढ़ें : सीएम योगी ने बीसीसीआई से किया अनुरोध, यूपी की हो दो क्रिकेट टीमें













