नई दिल्ली : डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज, दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज़ी की वापसी हो चुकी है, जहां एशियन चैंपियनशिपराइफल/पिस्टल की शुरुआत टीमों के आगमन के साथ हो गई है।
राइफल और पिस्टल निशानेबाज़ों की यह प्रतिष्ठित महाद्वीपीय प्रतियोगिता 10 दिनों तक चलेगी, जिसकी शुरुआत बुधवार, 04 फ़रवरी 2026 से होगी, जबकि अंतिम पदक शुक्रवार, 13 फ़रवरी 2026 को प्रदान किए जाएंगे।
इस चैंपियनशिप में मेज़बान भारत सहित 20 देशों के कुल 311 एथलीट जूनियर और सीनियर वर्गों में भाग ले रहे हैं, जहां कुल 30 पदक दांव पर होंगे। इसके साथ ही यूथ श्रेणी की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
मेज़बान भारत ने सबसे बड़ा दल उतारा है, जिसमें 118 एथलीट शामिल हैं। कज़ाख़स्तान 35 खिलाड़ियों के साथ दूसरा सबसे बड़ा दल लेकर आया है। क्षेत्रीय ताक़त माने जाने वाले कोरिया, ईरान और जापान ने भी मजबूत टीमें भेजी हैं, जबकि चीनी ताइपे, वियतनाम और हांगकांग के निशानेबाज़ों से भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
एशियन चैंपियनशिप राइफल/पिस्टल के सभी फ़ाइनल मुकाबले FanCode ओटीटी प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीम किए जाएंगे।

प्रतियोगिता से पहले बात करते हुए एनआरएआई के महासचिव पवन कुमार सिंह ने इस प्रतियोगिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “भारतीय निशानेबाज़ी के साथ-साथ एशियाई निशानेबाज़ों के लिए यह वर्ष बेहद अहम है, क्योंकि साल के उत्तरार्ध में एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसे दो बड़े टूर्नामेंट आयोजित होने हैं, जिनमें से वर्ल्ड चैंपियनशिप से लॉसएंजेलिस ओलंपिक के पहले कोटा स्थान मिलेंगे।
ऐसे में यह प्रतियोगिता एशियाई निशानेबाज़ों के लिए अंतरराष्ट्रीय सीज़न की शुरुआत का प्रतीक होगी और उन्हें अपने प्रदर्शन का शुरुआती आकलन करने का अवसर देगी। हम सभी विदेशी टीमों का स्वागत करते हैं और आशा करते हैं कि उनका भारत प्रवास सुखद रहेगा।
खेल प्राधिकरण, खेल मंत्रालय और भारत सरकार व उनकी एजेंसियों के सहयोग से एनआरएआई ने विश्वस्तरीय आयोजन सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।”
मंगलवार को आधिकारिक प्री-इवेंट प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा, जबकि प्रतियोगिता के पहले दिन बुधवार (04 फ़रवरी) को चार बड़े फ़ाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें पुरुष और महिला 10 मीटर एयर पिस्टल, जूनियर पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल और यूथपुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल फ़ाइनल शामिल हैं।











