आईएसएल में सुपर संडे: बेंगलुरु-नॉर्थ ईस्ट और केरल-मुंबई आमने-सामने

0
35

बेंगलुरु/कोच्चि : इंडियन सुपर लीग 2025-26 में रविवार (22 फरवरी) को डबल-हेडर मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में बेंगलुरु एफसी का सामना शाम 5:00 बजे (IST) श्री कांतीरवा स्टेडियम में नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी से होगा,

जबकि शाम 7:30 बजे कोच्चि के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में केरल ब्लास्टर्स एफसी, मुंबई सिटी एफसी की मेजबानी करेगी। दोनों मैचों का सीधा प्रसारण फैनकोड पर और टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स टेन 2 पर किया जाएगा।

बेंगलुरु एफसी बनाम नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी

बेंगलुरु एफसी अपने पहले मुकाबले में स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली पर 2-0 की आत्मविश्वास भरी जीत के बाद इस मैच में उतरेगी। सुनील छेत्री और एन. शिवसक्ति के गोल ने ‘ब्लूज़’ को मजबूत शुरुआत दिलाई थी। अब टीम घरेलू मैदान पर शुरुआती लय को बरकरार रखते हुए अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी।

इंडियन सुपर लीग

मुख्य कोच रेनाडी सिंह ने कहा, “हर टीम गेंद पर नियंत्रण चाहती है, लेकिन अहम यह है कि हम आक्रमण और रक्षा दोनों में एकजुट कैसे खेलते हैं। हमें संरचना के साथ कॉम्पैक्ट रहना होगा। यदि हम ऐसा बनाए रखते हैं, तो परिणाम हमारे पक्ष में आएंगे।”

दूसरी ओर, नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड को अपने पहले मैच में कोलकाता में ईस्ट बंगाल से 0-3 की हार झेलनी पड़ी थी। ‘हाइलैंडर्स’ अब बेहतर रक्षात्मक संगठन और आक्रमण में धार के साथ अपने पहले अंक की तलाश में उतरेंगे।

कोच जुआन पेद्रो बेनाली ने कहा, “बेंगलुरु की खेलने की शैली ईस्ट बंगाल से अलग है। वे एक अच्छी टीम हैं। हमारे पास तैयारी के लिए दो दिन थे और हम तैयार हैं। हमने कोलकाता की गलतियों का विश्लेषण किया है। बदलाव  में समय लगता है, लेकिन हमारे खिलाड़ी परिपक्व हैं और प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हैं।”

बेंगलुरु गेंद पर नियंत्रण और अनुभव के सहारे खेल की रफ्तार तय करना चाहेगी, जबकि नॉर्थ ईस्ट संगठित रहकर काउंटर अटैक के मौके तलाशेगी।

केरल ब्लास्टर्स एफसी बनाम मुंबई सिटी एफसी

केरल ब्लास्टर्स अपने पहले सप्ताह में मोहन बागान एसजी से मिली हार के बाद कोच्चि लौट रही है और घरेलू दर्शकों के सामने पहले अंक हासिल करना चाहेगी। टीम बेहतर गेंद नियंत्रण और रक्षात्मक तालमेल के साथ आक्रमण में लय खोजने की कोशिश करेगी।

मुख्य कोच डेविड काताला ने कहा, “हम पहले मैच से बेहतर प्रदर्शन दिखाएंगे। हमें गेंद पर अधिक नियंत्रण और अंतिम तीसरे हिस्से में आक्रामक होना होगा। पूरी टीम को एकजुट और कॉम्पैक्ट रहना होगा। यदि हम रक्षा में निरंतरता बनाए रखते हैं, तो जीत के करीब होंगे। हम अपने प्रशंसकों के सामने खेलने के लिए तैयार हैं।”

सिटी एफसी, पेट्र क्रात्की के नेतृत्व में शुरुआती लय बनाए रखने के उद्देश्य से कोच्चि पहुंचेगी। संगठित संरचना और गेंद पर नियंत्रण उनकी ताकत रही है। क्रात्की ने कहा, “यह हमारे लिए कठिन मैच होगा।

केरल को तैयारी के लिए आठ दिन मिले, जबकि हमने कल ही खेला है। हमें मानसिक और शारीरिकरूप से तैयार रहना होगा। वे एक मजबूत टीम हैं, अच्छे कोच और खिलाड़ियों के साथ। हम पूरी तैयारी के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे।”

केरल ब्लास्टर्स घरेलू मैदान पर दबाव बनाकर मौके भुनाने की कोशिश करेगी, जबकि मुंबई सिटी अनुशासित रणनीति के साथ सकारात्मक परिणाम चाहेंगी। दोनों टीमें शुरुआती बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेंगी, जिससे कोच्चि में  शाम का मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें : चौथे मिनट का झटका, मोरेनो-ड्राज़िच ने एफसी गोवा को दिलाई पहली जीत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here