दूसरे दिन बृजेश कुमार और झेरेड हैक ने बनाई संयुक्त बढ़त

0
30
बृजेश कुमार

अहमदाबाद। डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) के यूएस$ 300,000 (लगभग 2.7 करोड़ रुपये) के इंडोरामा वेंचर्स ओपन गोल्फ चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन भारतीय गोल्फर बृजेश कुमार और अमेरिकी गोल्फर झेरेड हैक संयुक्त बढ़त पर पहुंच गए।

इंडोरामा वेंचर्स ओपन गोल्फ चैंपियनशिप

यह टूर्नामेंट अहमदाबाद के कल्हार ब्लूज़ एंड ग्रीन्स गोल्फ क्लब में खेला जा रहा है। बृजेश कुमार ने दूसरे दौर में तीन अंडर 69 का कार्ड खेला, जबकि झेरेड हैक ने दो अंडर 70 का स्कोर बनाया। बृजेश (68-69) और हैक (67-70) दोनों कुल सात अंडर 137 के साथ संयुक्त बढ़त पर हैं।

भारतीय खिलाड़ी ध्रुव श्योरन ने लगातार दूसरे दिन 69 का स्कोर किया और वह छह अंडर 138 के कुल स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

झेरेड हैक

भारत के सप्तक तलवार, फ्रांस के क्लेमेंट सोर्डे और पियरे पिनो, तथा ऑस्ट्रिया के क्रिस्टोफ ब्लेयर पांच अंडर 139 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहे।

पहले दौर के लीडर राशिद खान दूसरे दौर में 74 का कार्ड खेलने के बाद चार अंडर 140 के साथ संयुक्त आठवें स्थान पर खिसक गए। कट चार ओवर 148 पर लगा और कुल 62 पेशेवर गोल्फर कट पार करने में सफल रहे।

वहीं पिछले सीजन में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन जीतने वाले बृजेश कुमार ने पूरे दिन गेंद को पिन से पांच फीट के भीतर रखा। उनके दौर का मुख्य आकर्षण 18वें होल पर लगभग 20 फीट की दूरी से किया गया बर्डी पुट रहा। उन्होंने आगे कहा कि आज मैंने अपने टी-शॉट्स बहुत सटीक लगाए और अधिकतर फेयरवे हिट किए।

ग्रीन्स के आसपास भी मेरा खेल काफी अच्छा रहा। पिछले सीजन में नेक्सजेन जीतने से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है और अब मेरा लक्ष्य डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर जीत दर्ज करना है। मुझे इसी लय को बनाए रखना होगा और अच्छा समापन करने की कोशिश करनी होगी।”

सीजन के पहले टूर्नामेंट के विजेता झेरेड हैक ने 15 से 30 फीट की दूरी से शानदार पुट लगाए और चार पार-5 होल में से दो पर बर्डी हासिल की। उन्होंने कहा कि “पहले दौर में मेरी पुटिंग अच्छी रही और आज ड्राइविंग अच्छी रही। अहमदाबाद की गर्मी मुझे लास वेगास और फ्लोरिडा जैसी लगती है,

जहां मैंने काफी गोल्फ खेला है, इसलिए मैं इन परिस्थितियों का आदी हूं। यह शानदार गोल्फ कोर्स है और भारत में अब तक खेले गए सबसे अच्छे कोर्सों में से एक है। मैं खुश हूं कि मैंने खुद को अच्छी स्थिति में रखा है और इस सप्ताह खिताब की दौड़ में बने रहने को लेकर उत्साहित हूं।”

ये भी पढ़ें : छह अंडर 66 के साथ राशिद खान पहले राउंड में सबसे सबसे आगे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here