लखनऊ। सीएएल ब्लू ने प्रथम स्व. राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में गोरखपुर को 92 रन से पराजित करते हुए दूसरी जीत के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरी ओर सहारनपुर ने सीएएल रेड को 189 रन से हराया।
प्रथम स्व. राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट
लीग मैचों की समाप्ति के बाद सहारनपुर, कानपुर व इलाहाबाद महिला विंग भी सेमीफाइनल में पहुंच गयी। सेमीफाइनल में सीएएल ब्लू का मुकाबला सहारनपुर से और कानपुर का इलाहाबाद महिला विंग से होगा।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से स्वीकृति प्राप्त व क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (सीएएल) द्वारा राधिका फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस टूर्नामेंट के मुकाबले सेज क्रिकेट मैदान, 1090 चौराहा, गोमती नगर पर खेले जा रहे है।
आज के मैचों में मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह (एमएलसी व पूर्व मंत्री यूपी सरकार) ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन करते हुए सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर आयोजन सचिव हर्षवर्धन सिंह (प्रदेश महामंत्री, भाजपा युवा मोर्चा) भी मौजूद रहे।
सहारनपुर, कानपुर व इलाहाबाद महिला विंग भी अंतिम चार में
सीएएल ब्लू ने प्लेयर आफ द मैच प्रीशा गुप्ता (तीन विकेट) की उपयोगी गेंदबाजी और आयुषी श्रीवास्तव (51) के अर्धशतक से गोरखपुर को 92 रन से पराजित किया। सीएएल ब्लू ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में 6 विकेट पर 167 रन का स्कोर बनाया। सलामी बल्लेबाज आयुषी श्रीवास्तव ने 60 गेंदों पर 5 चौके व एक छक्के से 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
ईशा सिंह ने 38, अंशिका यादव ने नाबाद 22 व आरजू सिंह ने 13 रन का योगदान किया। गोरखपुर से संजना पासवान, अमृता राव, काजल सिंह, छाया यादव व अंशिका चौहान को एक-एक विकेट की सफलता मिली।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए गोरखपुर की टीम 22.1 ओवर में 75 रन ही बना सकी। गीतांजलि सिंह (15) व संजना पासवान (12) के अलावा अन्य बल्लेबाज दहाई के आंकड़े से दूर रह गयी। सीएएल ब्लू से प्रीशा गुप्ता ने तीन विकेट चटकाए जबकि आरिशा मुस्तफा, अंशू तिवारी व चांदनी शर्मा ने एक-एक विकेट साझा किए।
एक अन्य मैच में प्लेयर ऑफ द मैच शिखा शालोट (131) के आतिशी शतक व रिया भाटी गुज्जर (78) के अर्धशतक से सहारनपुर ने सीएएल रेड को 189 रन से हराया। सहारनपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में तीन विकेट पर 292 पर रन का विशाल स्कोर बनाया। सलामी बल्लेबाज शिखा शालोट ने 70 गेंदों पर 21 बेहतरीन चौके व दो छक्के की सहायता से 131 रन की शतकीय पारी खेली।
उनकी जोड़ीदार रिया भाटी गुज्जर ने 60 गेंदों पर 10 चौके व एक छक्के से 78 रन जोड़े। दोनों ने पहले विकेट के लिए 202 रन की बड़ी साझेदारी की। सीएएल रेड से जयश्री यादव ने दो विकेट चटकाए। जवाब में सीएएल रेड की टीम निर्धारित ओवर में नौ विकेट पर 103 रन ही बना सकी।
टीम अच्छी शुरुआत नहीं कर सकी और 29 रन पर पांच विकेट गंवाकर मुश्किल में फंस गई थी। तरन्नुम बानो (नाबाद 20) व प्रतिमा गुप्ता (12) ही दहाई के आंकड़े में रन बना सकी। सहारनपुर से भारती सिंह ने तीन व शुभ चौधरी ने दो विकेट चटकाए।
पूल ए से केसीए कानपुर ने दो मैच में दो जीत के चलते चार अंक के साथ व सहारनपुर ने दो मैच में एक जीत के चलते दो अंक के साथ नाकआउट में जगह बनाई।पूल बी से सीएएल ब्लू दो मैचों में दो जीत के चलते चार अंक के साथ शीर्ष पर रही जबकि इलाहाबाद दो मैच में एक जीत के चलते चार अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही।













