काज़ा : रॉयल एनफील्ड द्वारा प्रस्तुत स्पीति कप 2026 के अंतिम दिन सेंटर ज़ोन पुरुष टीम ने लाहौल को 12–2 से हराकर सीनियर पुरुष वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। काज़ा आइस हॉकी रिंक पर मिली इस जीत के साथ सेंटर ज़ोन ने लीग चरण चारों मैच जीतकर अपराजेय रहते हुए ट्रॉफी जीती।

हालांकि, सभी वर्गों में क्लीन स्वीप की उनकी उम्मीदों को शम ज़ोन ने तोड़ दिया, जिसने रोमांचक मुकाबले में अंडर-18 बालक वर्ग का खिताब जीत लिया। सेंटर ज़ोन महिला टीम पहले ही अपना खिताब सुरक्षित कर चुकी थी।
समापन समारोह और पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि अनुराधा राणा, विधायक, जिला लाहौल एवं स्पीति की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ। इस अवसर पर एसडीओ (सिविल) काज़ा दीक्षित राणा, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, आईएचएएलएस और रॉयल एनफील्ड सोशल मिशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
व्यक्तिगत सम्मान
● टोड ज़ोन को फेयर प्ले अवॉर्ड प्रदान किया गया।
● शम ज़ोन के रिग्ज़िन आंग्रुप को सीनियर पुरुष और अंडर-18 दोनों वर्गों में कुल 18 गोल करने पर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वे अंडर-18 वर्ग में 10 गोल के साथ शीर्ष स्कोरर भी रहे।
● सेंटर ज़ोन की सोनम आंग्मो को आठ गोल सहित उनके शानदार प्रदर्शन के लिए महिला वर्ग की प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया।
● सेंटर ज़ोन के छिमेद नामदोल 20 गोल के साथ सीनियर पुरुष वर्ग के शीर्ष स्कोरर बने, जबकि शम ज़ोन की कुंगा यांगचेन नौ गोल के साथ महिला वर्ग में सबसे अधिक गोल करने वाली खिलाड़ी रहीं।
● लाहौल के युवा गोलकीपर तानज़िन नोरबू को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट सम्मान मिला।
अनुराधा राणा, विधायक, जिला लाहौल एवं स्पीति ने कहा “स्पीति कप का सफल आयोजन लाहौल और स्पीति के लोगों के लिए गर्व का विषय है। हर वर्ष बढ़ती भागीदारी, बेहतर खेल स्तर और मजबूत सामुदायिक सहयोग इस टूर्नामेंट की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है।

आइस हॉकी और शीतकालीन खेल हमारे क्षेत्र की पहचान का हिस्सा हैं, और यह देखना उत्साहजनक है कि यह जुनून अब संगठित विकास और प्रतिस्पर्धात्मक उत्कृष्टता में बदल रहा है।
ऐसे आयोजन शीतकालीन पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं और हमारे क्षेत्र को राष्ट्रीय मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाते हैं। हमारा लक्ष्य बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना, सुविधाओं का विस्तार करना और युवाओं के लिए अधिक अवसर सृजित करना है, ताकि लाहौल–स्पीति देश में शीतकालीन खेलों का प्रमुख केंद्र बन सके।”
शिखा सिम्तिया, अतिरिक्त उपायुक्त, काज़ा एवं अध्यक्ष, आईएचएएलएस, ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा, “स्पीति कप के तीसरे संस्करण का सफल आयोजन पूरे समुदाय और आइस हॉकी एसोसिएशन के समर्पण का परिणाम है।

इस टूर्नामेंट का संचालन पेशेवर तरीके और अनुशासन के साथ किया गया, जो क्षेत्र में खेल के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ऐसे आयोजन युवा खिलाड़ियों को मंच प्रदान करते हैं और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में शीतकालीन खेलों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रॉयल एनफील्ड के सहयोग से आयोजन को और मजबूती मिली है।”
बिदिशा डे, कार्यकारी निदेशक, ईचर ग्रुप फाउंडेशन ने कहा, “स्पीति कप का तीसरा सत्र समाप्त होते ही यह स्पष्ट हो जाता है कि यहआयोजन केवल पांचदिनों की प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि निरंतर और समुदाय-आधारित प्रयासों का जीवंत उदाहरण है।

सर्दियों के दौरान प्रशिक्षण लेते युवा खिलाड़ियों से लेकर स्थानीय कोचों और अधिकारियों के सतत विकास तक, यह कप गांवों और घाटियों के साझा समर्पण को दर्शाता है। हर संस्करण के साथ स्पीति कप का दायरा लगातार बढ़ रहा है—अधिक क्लबों और क्षेत्रों का स्वागत करते हुए, भागीदारी और प्रतिस्पर्धा दोनों की गहराई को मजबूत करता हुआ।
आईएचएएलएस और स्थानीय प्रशासन के साथ हमारी साझेदारी के माध्यम से हम हिमालय में आइस हॉकी और शीतकालीन खेलों के लिए दीर्घकालिक संरचना विकसित करने के प्रति प्रतिबद्ध हैं, ताकि यह पहल सामुदायिक सशक्तिकरण और स्थायी विकास का एक प्रभावशाली मंच बन सके।”
कुंगा तंदुप, महासचिव, आईएचएएलएस, ने कहा “हमारे लिए आइस हॉकी केवल खेल नहीं, बल्कि समुदाय को जोड़ने वाली शक्ति है।
स्पीति कप हमारे क्षेत्र की पहचान, जुनून और एकता का प्रतीक है। प्रशासन और सरकारी सहयोग के साथ-साथ रॉयल एनफील्ड की साझेदारी ने हमारे प्रयासों को नई ऊर्जा दी है। उनका योगदान केवल उपकरण या संसाधनों तक सीमित नहीं, बल्कि इस खेल को आगे बढ़ाने के लिए विश्वास और प्रेरणा भी प्रदान करता है।”
मैच रिपोर्ट – अंतिम दिन
सीनियर पुरुष वर्ग: सेंटर ज़ोन 12–2 लाहौल
लाहौल ने पांचवें मिनट में रमेश के शानदार ड्रैग-फ्लिक से बढ़त बनाई। सेंटर ज़ोन ने तुरंत जवाब दिया जब छिमेद नामदोल ने आठवें और दसवें मिनट में गोल कर स्कोर 2–1 कर दिया। दूसरे पीरियड में नामदोल ने दो और गोल जोड़े। तीसरे पीरियड में सेंटर ने पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर लिया, जहां नामदोल ने लगातार पांच गोल दागे। रमेश ने लाहौल के लिए एक और गोल किया, लेकिन कप्तान सोनम कालजंग और प्रशांत ठाकुर के गोलों के साथ सेंटर ने 12–2 से जीत दर्ज कर खिताब पक्का किया।
महिला वर्ग: टोड ज़ोन 7–0 पिन ज़ोन
पहले पीरियड में गोलरहित रहने के बाद दूसरे पीरियड में तानज़िन डेकीयोंग ने छठे मिनट में गोल कर बढ़त दिलाई। नवांग लामो ने 12वें मिनट में दो गोल कर स्कोर 3–0 कर दिया। तीसरे पीरियड में तानज़िन और नवांग ने अपनी-अपनी हैट्रिक पूरी की, जबकि केसांग लामो ने एक गोल जोड़ा। टोड ज़ोन ने 7–0 से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया।
अंडर-18 बालक वर्ग: शम ज़ोन 3–1 सेंटर ज़ोन
शम ज़ोन ने चौथे मिनट में रिग्ज़िन आंग्रुप के गोल से बढ़त बनाई। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन अनुशासित रक्षा और गोलकीपिंग ने स्कोरलाइन को नियंत्रित रखा। तीसरे पीरियड में रिग्ज़िन ने दो और गोल कर हैट्रिक पूरी की। सेंटर ज़ोन ने अंतिम मिनट में तनपा फुंचोक के जरिए सांत्वना गोल किया, लेकिन शम ज़ोन ने 3–1 से जीतकर अंडर-18 खिताब अपने नाम किया।
स्पीड स्केटिंग परिणाम
अंडर-16 बालिका वर्ग
1. केसोंग लामो (लोसर)
2. तानज़िन पेस्टो (गुलिंग)
3. नावांग यांगजोम (काज़ा)
अंडर-18 बालिका वर्ग
1. सोनम आंग्मो (काज़ा)
2. तानज़िन डेकीयोंग (लोसर)
3. इप्शिता राणा (शिमला)
ओपन वर्ग
1. सोनम आंग्मो (काज़ा)
2. कुंगा यांगचेन (लोलुंग)
3. तानज़िन डेकीयोंग (लोसर)
ओपन वर्ग (बालक)
1. तानज़िन दोरजे (गुलिंग)
2. दोरजे जियाछो (गुलिंग)
अंडर-16 बालक वर्ग
1. कुंगा तक्पा (काज़ा)
2. प्रशांत ठाकुर (काज़ा)
3. अलावांग जुगने (लालुंग)
अंडर-18 बालक वर्ग
1. नावांग थिनले (काज़ा)
2. छिमेद दोरजे (सागनम)
3. तानज़िन थोयसम (लोसर)
इस सीज़न में 350 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया, जबकि टूर्नामेंट से पहले 800 से अधिक बच्चों और युवाओं ने संगठित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
स्पीति कप का आयोजन आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ लाहौल–स्पीति (आईएचएएलएस) द्वारा स्पीति प्रशासन के सहयोग से और रॉयल एनफील्ड सोशल मिशन के समर्थन से किया गया। यह टूर्नामेंट समुदाय-आधारित और दीर्घकालिक जमीनी विकास की मजबूत नींव पर आधारित है।












