उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ एक बार फिर आईपीएल की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। पिछले सीजन की तरह इस बार भी यहां सात मुकाबले होंगे। आईपीएल 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। 28 मार्च से इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत होने जा रही है।
टूर्नामेंट के 19वें सीजन का आगाज धमाकेदार मुकाबले के साथ होगा। टूर्नामेंट के पहले मैच में पिछले सीजन की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मुकाबला एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।
टूर्नामेंट के शुरुआती 16 दिनों और कुल 20 मैचों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस दौरान चार डबल हेडर मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। 4-5 अप्रैल और 11-12 अप्रैल को दो-दो मैच होंगे।
डबल हेडर वाले दिनों में पहला मैच दोपहर 3:30 बजे और दूसरा मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। लीग के बाकी मुकाबलों का शेड्यूल बाद में घोषित किया जाएगा।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए आईपीएल मैच स्टेडियम में बैठकर देखना एक खास अनुभव होता है। अगर आप भी आईपीएल 2026 का मैच लाइव देखना चाहते हैं, तो टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से खरीदे जा सकते हैं।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग
सबसे पहले किसी भरोसेमंद टिकटिंग वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जाएं और वहां आईपीएल 2026 सर्च करें। इसके बाद अपनी पसंद का मैच और स्टेडियम चुनें।
अगले चरण में सीट की कैटेगरी और टिकटों की संख्या तय करें। इसके बाद पेमेंट के लिए यूपीआई, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग का उपयोग किया जा सकता है।
भुगतान सफल होने के बाद आपको डिजिटल टिकट या एम-टिकट मिल जाएगा। मैच के दिन यही टिकट मोबाइल में दिखाकर स्टेडियम में प्रवेश लिया जा सकता है।
ऑफलाइन टिकट बुकिंग
जो लोग ऑनलाइन टिकट नहीं लेना चाहते, उनके लिए मैच से कुछ दिन पहले स्टेडियम के टिकट काउंटर खोल दिए जाते हैं। इसके अलावा कई बार टीम फ्रेंचाइजी शहर के मॉल या अन्य जगहों पर भी टिकट काउंटर लगाती हैं। यहां जाकर आप वैध पहचान पत्र दिखाकर सीधे टिकट खरीद सकते हैं।
टिकट खरीदते समय ध्यान रखने योग्य बातें
टिकट लेते समय कुछ जरूरी सावधानियां बरतना भी आवश्यक है। हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत काउंटर से ही टिकट खरीदें। सोशल मीडिया या अनजान वेबसाइट पर मिलने वाले सस्ते टिकट ऑफर से बचना चाहिए।
इसके अलावा, बड़े और लोकप्रिय मैचों के टिकट जल्दी खत्म हो जाते हैं, इसलिए बुकिंग शुरू होते ही टिकट लेना बेहतर होता है। अगर आप आईपीएल 2026 का मैच स्टेडियम में बैठकर देखना चाहते हैं, तो सबसे आसान तरीका ऑनलाइन बुकिंग है।
फिलहाल कई आधिकारिक प्लेटफ़ॉर्म्स पर टिकट बिक्री या प्री-रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। फैंस बुकमाईशो, पेटीएम इनसाइडर, डिस्ट्रिक्ट ऐप ज़ोमैटो और टीमों की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं।
आईपीएल टिकटों की भारी मांग को देखते हुए बुकमाईशो ने प्री-सेल रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की है। इसके तहत फैंस मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के मैचों के लिए अर्ली एक्सेस पाने के लिए साइन-अप कर सकते हैं।
इन मुकाबलों में खास तौर पर वानखेड़े स्टेडियम और नरेंद्र मोदी स्टेडियम (अहमदाबाद) में होने वाले मैच शामिल हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि बुकमाईशो पर प्री-सेल रजिस्ट्रेशन करने से टिकट की गारंटी नहीं मिलती।
इससे केवल अर्ली एक्सेस विंडो में टिकट खरीदने का मौका मिलता है, जहां टिकट फर्स्ट-कम, फर्स्ट-सर्व आधार पर उपलब्ध होते हैं। इसलिए जैसे ही बुकिंग शुरू हो, तुरंत टिकट बुक करना बेहतर माना जाता है।












