आइजोल : नवप्रवर्तित चन्मारी एफसी ने इंडियन फुटबॉल लीग 2025-26 के मैच 2 में पूर्व चैंपियन गोकुलम केरल एफसी के साथ राजीव गांधी स्टेडियम, आइजोल में 0-0 से ड्रॉ खेला।
चन्मारी एफसी ने पूरी तरह मिजोरम के खिलाड़ियों से सजी ऑल-इंडियन टीम उतारी, जबकि गोकुलम केरल के मुख्य कोच डेरिक परेरा ने अनुभवी और मजबूत शुरुआती एकादश को मैदान में उतारा।
मुकाबले की शुरुआत से ही गोकुलम केरल ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और आक्रामक इरादे दिखाए। उन्होंने चन्मारी की रक्षा पंक्ति को लगातार सतर्क रखा। हालांकि मैच का पहला वास्तविक मौका मेजबान टीम को मिला, जब जोएल लालरामेंगमाविया का हेडर लंबी थ्रो-इन पर क्रॉसबार के ऊपर चला गया।
पहले हाफ में गोकुलम केरल ने आक्रमण में बढ़त बनाए रखी, लेकिन वे विपक्षी गोलकीपर को किसी स्पष्ट अवसर से गंभीर चुनौती नहीं दे सके। उन्हें पांच कॉर्नर मिले, जिनमें से एक पर वे गोल के सबसे करीब पहुंचे। जॉन केनेडी ने ऊंची छलांग लगाकर हेडर लगाया, लेकिन गेंद पोस्ट से टकराकर वापस खेल में आ गई।
मिर्जालोल कासिमोव ने तेजी से प्रतिक्रिया देते हुए गेंद को दोबारा बॉक्स में डाला, जहां फ्रांसिस्को बोर्गेस का प्रयास डिफेंस ने रोक दिया।चन्मारी ने अपने ही हाफ में गहराई से रक्षात्मक खेल दिखाया और काउंटर-अटैक पर भरोसा किया। खिलाड़ियों के बीच तालमेल और एक-दूसरे की पोजिशनिंग की समझ उनके वन-टच पासिंग में स्पष्ट नजर आई।
दूसरे हाफ की शुरुआत चन्मारी ने आक्रामक अंदाज में की। खेल दोबारा शुरू होने के पहले ही मिनट में एरॉन वानलालरिनछाना ने हरप्रीत सिंह को छकाते हुए तंग कोण से शॉट लगाया, जो साइड नेटिंग में लगा। दूसरी ओर जॉन केनेडी ने अपनी शारीरिक क्षमता का उपयोग करते हुए दो डिफेंडरों को पछाड़ा और लो क्रॉस दिया, जिसे गोलकीपर जोथन माविया ने दूर धकेल दिया।
मेहमान टीम के लिए निली बोर्गेस ने गोल करने का सुनहरा मौका गंवा दिया। बॉक्स के भीतर बिना किसी मार्किंग के उन्हें गेंद मिली, लेकिन उनका शॉट कमजोर रहा और डिफेंडर ने खतरा टाल दिया।
घंटे भर के खेल के बाद चन्मारी ने बाएं फ्लैंक से आक्रमण तेज किया, लेकिन अंतिम पास की कमी के कारण वे बढ़त नहीं ले सके। लगातार दबाव के बावजूद वे गोकुलम केरल के गोलकीपर शिबिनराज कुन्नियिल को गंभीर रूप से परख नहीं पाए। अंततः दोनों टीमों को नए सत्र की शुरुआत एक-एक अंक के साथ करनी पड़ी।
ये भी पढ़ें : ह्रियाता की बढ़त पर डियालो का वार भारी, आईएफएल का पहला मैच ड्रॉ












