मोहन बागान एसजी का दबदबा, चेन्नईयन एफसी को दो गोल से शिकस्त

0
36
Photo:Abhijit Addya /Focus Sports/ ISL

कोलकाता : मोहन बागान सुपर जायंट ने विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में इंडियन सुपर लीग 2025-26 के मैच 13 में चेन्नईयन एफसी को 2-0 से हराकर एक और प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

इस जीत के साथ ‘मैरिनर्स’ छह अंकों के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। उनके समान अंक होने के बावजूद बेहतर गोल अंतर के आधार पर ईस्ट बंगाल एफसी शीर्ष पर है, जबकि चेन्नईयन एफसी 11वें स्थान पर है।

पहले हाफ के इंजरी टाइम के चौथे मिनट में जेमी मैकलारेन ने गोलकर मोहुन बागान को बढ़त दिलाई। इसके बाद 65वें मिनट में दिमित्रियोस पेत्रातोस ने शानदार फिनिश के साथ जीत सुनिश्चित कर दी। पेत्रातोस को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

इंडियन सुपर लीग

दोनों मुख्य कोच — सर्जियो लोबेरा और क्लिफर्ड मिरांडा — ने निरंतरता बनाए रखने के लिए लगातार दूसरे मैच में भी वही शुरुआती एकादश उतारी।

मोहन बागान ने शुरुआत से ही गेंद पर नियंत्रण रखा, जबकि चेन्नईयन ने काउंटर अटैक के जरिए मौके बनाने की कोशिश की। पहला मौका मेहमान टीम को मिला, जब दिनलियाना के क्रॉस पर इनिगो मार्टिन ने प्रयास किया, लेकिन वे सही संपर्क नहीं बना सके।

मोहन बागान एसजी – 2 (जेमी मैकलारेन 45’+4, दिमित्रियोस पेत्रातोस 65’) चेन्नईयन एफसी – 0

Photo:Abhijit Addya /Focus Sports/ ISL

दूसरी ओर, चेन्नईयन ने लिस्टन कोलाको और टेकचाम अभिषेक सिंह के क्रॉस को क्लियर किया और अनिरुद्ध थापा के शॉट को भी रोका। थापा का एक तेज वॉली शॉट पहले क्रॉस बार के ऊपर से निकल गया था।

मोहन बागान ने दबाव बढ़ाया और पेत्रातोस के शॉट पर चेन्नईयन के गोलकीपर मोहम्मद नवाज ने शानदार बचाव किया। हालांकि थोड़ी देर बाद मेहताब सिंह से टकराव के कारण नवाज को चोट लगी और उनकी जगह सामिक मित्रा को उतारा गया।

पहले हाफ के अंतिम क्षणों में मोहन बागान ने बढ़त हासिल की। अनिरुद्ध थापा ने इरफान यादवाद से गेंद छीनी और शानदार थ्रूबॉल मैकलारेन को दी। स्ट्राइकर ने बेहतरीन टाइमिंग के साथ दौड़ लगाई और गोलकीपर को छकाते हुए सीजन का अपना दूसरा गोल किया।

Photo:Abhijit Addya /Focus Sports/ ISL

दूसरे हाफ में भी घरेलू टीम ने आक्रामक रुख बनाए रखा। मैकलारेन के दो शुरुआती प्रयासों में एक ब्लॉक हुआ और दूसरा थोड़ा बाहर गया। सुभाशीष बोस के क्रॉस पर उनका हेडर भी ज्यादा प्रभावी नहीं रहा।

लगभग एक घंटे के बाद पेत्रातोस ने बढ़त दोगुनी कर दी। लिस्टन कोलाको के डायगोनल पास और सुभाशीष बोस के पहले टच क्रॉस पर पेत्रातोस ने बैक पोस्ट पर शानदार वॉली लगाई, जिसे गोलकीपर छूने के बावजूद रोक नहीं सके।

मैकलारेन और पेत्रातोस दोनों के पास स्कोर बढ़ाने के मौके थे, लेकिन अंतिम फिनिशिंग में चूक हुई। सब्स्टीट्यूट जेसन कमिंग्स ने भी दो बार गोलकीपर को परखा, लेकिन सफलता नहीं मिली। चेन्नईयन पूरे मैच में एक भी शॉट लक्ष्य पर नहीं लगा सकी।

इंजरी टाइम में गुरकीरत सिंह का शॉट भी पोस्ट के बाहर चला गया। अंततःदो गोल की बढ़त मोहन बागान के लिए पर्याप्त रही और उन्होंने सीजन की लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

ये भी पढ़ें : भुवनेश्वर में ओडिशा की नई शुरुआत, इंटर काशी चुनौती को तैयार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here