डायमंड हार्बर एफसी ने डेम्पो को 2-1 से हराकर दर्ज की पहली जीत

0
52

कल्याणी : डायमंड हार्बर एफसी ने इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 में रविवार को कल्याणी स्टेडियम में डेम्पो एससी को 2-1 से हराकर अपनी पहली ऐतिहासिक जीत दर्ज की। पहले हाफ  के अतिरिक्त समय में एंतोनियो मोयानो ने मेज़बान टीम को बढ़त दिलाई।

दूसरे हाफ में मार्कस जोसेफ ने डेम्पो के लिए बराबरी का गोल किया, लेकिन 70वें मिनट में ह्यूगो डियाज़ के गोल ने डायमंड हार्बर को जीत दिला दी।

इंडियन फुटबॉल लीग

डायमंड हार्बर के मुख्य कोच किबू विकुना ने पिछले मैच की तुलना में शुरुआती एकादश में दो बदलाव किए और ब्राइस ब्रायन मिरांडा व पिंटू महाता की जगह ह्यूगो डियाज़ और हालीचरण नारजरी को टीम में शामिल किया।

वहीं डेम्पो एससी के कोच समीर सुभाष नाइक ने भी टीम में तीन बदलाव करते हुए जोसे लुइस मोरेनो पेना, अमय मोराजकर और कनेर कितालांग बुआम को मौका दिया, जबकि विएरी कोलाको, रिचमंड क्वासी ओवुसु और सैगोमांग डौंगल को बाहर रखा गया।

डायमंड हार्बर एफसी – 2 (एंतोनियो मोयानो 45+4’, ह्यूगो डियाज़ 70’)

मुकाबले के शुरुआती दस मिनटों में डेम्पो ने कुछ मौके बनाए, लेकिन जल्द ही डायमंड हार्बर ने खेल पर नियंत्रण बना लिया। मेज़बान टीम ने पहले हाफ में गेंद पर ज्यादा कब्जा रखते हुए खेल की गति तय की, लेकिन गोल करने में सफलता नहीं मिली।

पहले हाफ के इंजरी टाइम के चौथे मिनट (45+4’) में आखिरकार गोल आया। तेज काउंटर अटैक के दौरान स्पेनिश मिडफील्डर एंतोनियो मोयानो ने शानदार फिनिश करते हुए गोलकीपर के ऊपर से गेंद उछालकर जाल में डाल दी और डायमंड हार्बर को 1-0 की बढ़त दिला दी।

डेम्पो एससी – 1 (मार्कस जोसेफ 55’)

दूसरे हाफ में मुकाबला काफी रोमांचक हो गया, जहां दोनों टीमें गोल की तलाश में आक्रामक नजर आईं। डेम्पो ने 55वें मिनट में बराबरी हासिल की। त्रिनिदाद और टोबैगो के फॉरवर्ड मार्कस लेरिक जूनियरजोसेफ ने शानदार व्यक्तिगत कौशल दिखाते हुए दो डिफेंडरों को छकाया और शांत फिनिश के साथ स्कोर 1-1 कर दिया।

इसके बाद जीत की तलाश में कोच विकुना ने एक अहम बदलाव किया, जिसका फायदा टीम को जल्द ही मिल गया। 70वें मिनट में सब्स्टीट्यूट ब्राइस ब्रायन मिरांडा ने बॉक्स में सटीक क्रॉस डाला, जिस पर ह्यूगो डियाज़ रॉड्रिगेज ने बेहतरीन फिनिश करते हुए डायमंड हार्बर को फिर से बढ़त दिला दी।

76वें मिनट में डेम्पो बराबरी के बेहद करीब पहुंच गया था, लेकिन क्रॉसबार ने डायमंड हार्बर को राहत दी और मार्कस जोसेफ का शॉट गोल में जाने से रह गया। अतिरिक्त समय के सात मिनटों में डेम्पो ने लगातार दबाव बनाया, लेकिन डायमंड हार्बर की डिफेंस ने संयम बनाए रखा और अंततःटीम ने 2-1 से जीत दर्ज कर ली।

ये भी पढ़ें : इंजरी टाइम में सांगा का गोल, चनमारी एफसी की 2-1 से जीत

ये भी पढ़ें : पूर्व भारतीय फुटबॉलर सैयद हमीद के निधन पर एआईएफएफ ने जताया शोक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here