कोलकाता/जमशेदपुर : इंडियन सुपर लीग 2025-26 के गेम वीक 2 में शनिवार (21 फरवरी 2026) को डबल-हेडर मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में ईस्ट बंगाल एफसी का सामना कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (वीवाईबीके) में स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली से शाम 5:00 बजे (IST) होगा।
इसके बाद जमशेदपुर एफसी, जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पंजाब एफसी की मेजबानी करेगी, जिसका किक-ऑफ शाम 7:00 बजे निर्धारित है। दोनों मुकाबलों का सीधा प्रसारण फैनकोड पर और टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स टेन 2 पर किया जाएगा।
ईस्ट बंगाल एफसी बनाम स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली
ईस्ट बंगाल एफसी इस मुकाबले में अपने घरेलू मैदान पर नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी के खिलाफ 3-0 की शानदार जीत के बाद उतर रही है। यूसुफ एजेज्जारी के दो गोल और मिगुएलफरेरा के एक गोल ने रेड एंड गोल्ड ब्रिगेड को सीजन की प्रभावशाली शुरुआत दिलाई।
मैच से पहले ईस्ट बंगाल के मुख्य कोच ऑस्कर ब्रूज़ोन ने कहा, “एससी दिल्ली हमारे लिए अनजानी टीम नहीं है। उनकी स्पष्ट खेल पहचान है, एक ऐसा कोच है जो पजेशन फुटबॉल और बैकसेबिल्ड-अप में विश्वास रखता है, और युवा, ऊर्जावान खिलाड़ियों का समूह है जो यहां अपने पहले अंक की तलाश में आएगा। यह कठिन मुकाबला होगा।
छोटे लीग प्रारूप में गलतियां महंगी पड़ती हैं, इसलिए हमारा ध्यान हर मैच पर अलग-अलग है। यदि हम अपने प्रदर्शन स्तर को बनाए रखते हैं, तो हमें मनचाहा परिणाम मिल सकता है।”
मिड फील्डर जिक्सन सिंह ने कहा, “हम जानते हैं कि हर मैच महत्वपूर्ण है। हमने लंबी तैयारी की है और इस सीजन में मैदान पर सब कुछ देने के लिए तैयार हैं। पिछले मैच में प्रशंसकों का समर्थन अद्भुत था, और हमें उम्मीद है कि वे फिर बड़ी संख्या में आएंगे। हम उन्हें गर्व महसूस कराने के लिए 100 प्रतिशत देंगे।”
दूसरी ओर, एससी दिल्ली को अपने पिछले मैच में बेंगलुरु एफसी से 0-2 की हार का सामना करना पड़ा। टीम इस बार रक्षात्मक मजबूती और आक्रमण में बेहतर तालमेल के साथ वापसी करना चाहेगी।
मुख्य कोच टोमाज़ ट्चॉर्ज़ ने कहा, “ईस्ट बंगाल लीग की सबसे मजबूत और संगठित टीमों में से एक है, जिनके पास अनुभवी भारतीय खिलाड़ी, गुणवत्ता वाले विदेशी खिलाड़ी और सफल कोच हैं। हमारे लिए यह केवल चुनौती ही नहीं, बल्कि बड़ा अवसर भी है।
बेंगलुरु के खिलाफ परिणाम हमारे पक्ष में नहीं गया, लेकिन खिलाड़ियों ने दिखाया कि हम इस स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं। अब हमें निर्णायक क्षणों में अधिक केंद्रित और मौके भुनाने में अधिक सटीक होना होगा।”
जमशेदपुर एफसी बनाम पंजाब एफसी
डिफेंडर मनोज मोहम्मद ने कहा, “गोल कौन करता है, इससे फर्क नहीं पड़ता। अहम यह है कि टीम सामूहिक रूप से अच्छा खेले और मौके का फायदा उठाए। मैंने कोलकाता में पहले भी बड़े मैच खेले हैं।
वहां का माहौल तीव्र होता है और अच्छा प्रदर्शन करना संतोषजनक होता है।” ईस्ट बंगाल अपनी आक्रामक लय को जारी रखना चाहेगा, जबकि एससी दिल्ली संगठित रहकर ट्रांजिशन में मौके तलाशेगी।
जमशेदपुर एफसी अपने घरेलू मैदान ‘फर्नेस’ में जीत की शुरुआत के बाद आत्मविश्वास से भरी है। पूर्व पंजाब मिड फील्डर मदीहतलाल के शुरुआती गोल ने उन्हें मोहम्मडन स्पोर्टिंग के खिलाफ 1-0 की जीत दिलाई थी।
मुख्य कोच ओवेन कॉयल ने कहा, “हम पंजाब का सम्मान करते हैं क्योंकि उनके पास गुणवत्ता और गहराई है, खासकर विंग्स में। वे किसी भी क्षण खतरनाक हो सकते हैं।
इसलिए हमारा ध्यान अपने खेल पर है—गेंद पर नियंत्रण, पूरे मैच में एकाग्रता और मौकों का बेहतर उपयोग। यदि हम घरेलू मैदान पर अपनी अपेक्षित तीव्रता और लय से खेलते हैं, तो हमें विश्वास है कि हम जीत सकते हैं।”
डिफेंडर स्टीफन एज़े ने कहा, “पंजाब मजबूत टीम है, लेकिन हम अपनी शैली पर कायम रहेंगे और 100 प्रतिशत देंगे। घरेलू प्रशंसकों के समर्थन से हम तीन अंक हासिल करने की पूरी कोशिश करेंगे।” पंजाब एफसी इस सीजन का पहला मुकाबला खेलने जा रही है और सकारात्मक शुरुआत की उम्मीद के साथ जमशेदपुर पहुंची है।
मुख्य कोच पनायियोटिस डिल्मपेरिस ने कहा, “हमने कल के मैच के लिए अपनी योजना बनाई है और उसे मैदान पर लागू करने की कोशिश करेंगे। यह हमारा सीजन का पहला मैच है और हम अच्छी शुरुआत करना चाहते हैं। भरे हुए स्टेडियम में खेलना प्रेरणादायक होता है।”
उन्होंने आगे कहा, “जमशेदपुर एक संतुलित और मजबूत टीम है। हम किसी एक खिलाड़ी पर ध्यान केंद्रित नहीं कर रहे, क्योंकि इससे बाकी खिलाड़ियों पर हमारा फोकस कम हो सकता है।”
गोलकीपर अर्शदीप सिंह ने कहा, “टीम ने कड़ी मेहनत की है और ड्रेसिंगरूम का माहौल सकारात्मक है। हमारे पास स्पष्ट योजना है और हमें विश्वास है कि हम सकारात्मक परिणाम हासिल करेंगे।”
जमशेदपुर घरेलू मैदान पर नियंत्रण और दबाव बनाने की कोशिश करेगी, जबकि पंजाब एफसी अनुशासित रणनीति के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेगी।
ये भी पढ़ें : 2020 के बाद से अजेय मुंबई सिटी, चेन्नईयिन एफसी के सामने बड़ी चुनौती
ये भी पढ़ें : आठ अनुभवी चेहरों के साथ छह संभावित डेब्यू, संतुलित दिखी भारतीय टीम













