पर्यावरण संरक्षण के लिए बच्चों ने कागज़ पर उतारी ‘सेव अर्थ’ की कल्पना

0
37

​लखनऊ। पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित संस्था ‘वृक्ष कल्याणम्’ द्वारा इंदिरा नगर सेक्टर-13 स्थित अरविन्दो पार्क में ‘सेव अर्थ’ विषय पर एक अंतर विद्यालय चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना था।

संस्था के सचिव और संयोजक विपिन कान्त ने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता के लिए इंदिरा नगर क्षेत्र के 17 स्कूलों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 10 स्कूलों के कुल 125 छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कक्षा 6 से 9 तक के इन मेधावी विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना और कला के माध्यम से धरती को बचाने और पर्यावरण को संवारने के बेहतरीन संदेश दिए।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को संस्था की ओर से पेंसिल, रबर और कटर जैसी आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। विजेताओं का चयन विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा, जिन्हें आगामी 27 मार्च को होने वाले वार्षिक अधिवेशन में पुरस्कृत किया जाएगा।

पुरस्कारों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 1000 रुपये, द्वितीय को 600 रुपये, तृतीय को 400 रुपये और दो बच्चों को 200-200 रुपये का सांत्वना पुरस्कार व प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

संस्था के अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि ‘वृक्ष कल्याणम्’ लगातार बिजली-पानी बचाने, पेड़ लगाने और पॉलीथीन का उपयोग बंद करने जैसे सामाजिक कार्यों में जुटी है, ताकि भविष्य को सुरक्षित बनाया जा सके।

ये भी पढ़ें : हौसला – द विल टू लिव” ने रुलाया, हिम्मत दी, कैंसर पर जीत का सशक्त संदेश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here