अभिषेक बच्चन, जिनका जन्म 5 फरवरी 1976 को मुंबई में हुआ, बॉलीवुड के ऐसे कलाकार हैं जिन्होंने स्टार किड होने के साथ-साथ आलोचनाओं और तुलना का सामना करते हुए खुद की पहचान बनाई।
सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के बेटे होने के नाते, शुरुआत से ही उनके कदमों की तुलना और उनके काम की आलोचना होती रही। हालांकि, समय के साथ अभिषेक ने यह साबित किया कि वे सिर्फ एक स्टारकिड नहीं, बल्कि एक बहुआयामी और दमदार कलाकार हैं।
अभिषेक ने अपने करियर की शुरुआत साल 2000 में फिल्म ‘रिफ्यूजी’ से की थी। शुरुआती वर्षों में कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ठीक तरह से नहीं चलीं, लेकिन उन्होंने लगातार काम करते रहने का जुनून दिखाया। करीब 13 फ्लॉप फिल्मों के बाद, 2004 में उनकी फिल्म ‘धूम’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाका किया और उनके करियर को नई दिशा दी।
अभिषेक और अमिताभ बच्चन की जोड़ी ने हमेशा ही दर्शकों का ध्यान खींचा। फिल्म ‘पा’ में उन्होंने अपने पिता के साथ उल्टे रोल निभाए, जहां अभिषेक पिता बने और अमिताभ बेटे। इस अनोखे अनुभव के लिए दोनों का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। इस फिल्म के लिए अभिषेक को प्रोड्यूसर के रूप में भी नेशनल अवॉर्ड मिला।
उनकी फिल्म ‘धूम 3’ ने भारतीय सिनेमा में एक नया रिकॉर्ड बनाया, जिसने दुनियाभर में लगभग 500 करोड़ की कमाई की और भारत की पहली 500 करोड़ क्लब वाली फिल्म बनी।
इसके अलावा, ‘धूम’, ‘गुरु’, ‘सरकार’, ‘दिल्ली 6’, ‘दसवीं’, ‘घूमर’ जैसी फिल्मों और वेब सीरीज ‘द बिग बुल’ में उनकी एक्टिंग को क्रिटिक्स और दर्शकों दोनों ने सराहा। हर किरदार में उन्होंने खुद को साबित किया और आलोचकों को करारा जवाब दिया।
पिछले 26 सालों में, अभिषेक बच्चन ने बॉलीवुड में उतार-चढ़ाव देखे और बावजूद इसके अपनी अलग पहचान बनाई। वे आज भी बड़े और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं।
फिल्म ‘दसवीं’ में उन्होंने एक अनपढ़ राजनेता की भूमिका निभाई, जो जेल में रहते हुए दसवीं परीक्षा पास करने का संकल्प लेता है। इस फिल्म ने फिल्मफेयर ओटीटी अवार्ड्स में भी जीत दर्ज की और अमिताभ बच्चन ने भी बेटे के काम को खुले दिल से सपोर्ट किया।
अभिषेक की आई वांट टू टॉक में ऐसे व्यक्ति की कहानी हैं जो कैंसर से जूझते हुए अपनी बेटी के रिश्ते को सुधारने की कोशिश करता है। यह फिल्म दर्शकों और आलोचकों दोनों द्वारा बेहद सराही गई है। आने वाले समय में अभिनेता शाहरुख खान अभिनीत किंग में भी नजर आएंगे।
ये भी पढ़े : 24 दिसंबर को सुनाई देगी किंग की दहाड़, यश राज संभालेंगे ओवरसीज़ रिलीज़
ये भी पढ़े : 11 महीने बाद फिर दहाड़ेंगे शाहरुख खान, ‘किंग’ से बढ़ा फैंस का एक्साइटमेंट













