हौसला – द विल टू लिव” ने रुलाया, हिम्मत दी, कैंसर पर जीत का सशक्त संदेश

0
210

लखनऊ। निसर्ग संस्था के अध्यक्ष ललित सिंह पोखरिया के मार्गदर्शन में अपोलो हॉस्पिटल की उमंग श्रृंखला के अंतर्गत होटल हॉली डे इन, कानपुर रोड, लखनऊ में संवेदनशील एवं प्रेरक नाट्य प्रस्तुति “हौसला – द विल टू लिव” का सफल मंचन किया गया, जिसने उपस्थित सभी दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ दी।

यह प्रस्तुति कैंसर पीड़ितों की वास्तविक संघर्ष गाथाओं पर आधारित रही, जिसमें यह प्रभावशाली संदेश दिया गया कि सही इलाज, सकारात्मक सोच और परिवार के सहयोग से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को भी मात दी जा सकती है।

नाटक का लेखन, परिकल्पना एवं निर्देशन संदीप यादव द्वारा किया गया। संपूर्ण पार्श्व मंच व्यवस्था, संगीत, नृत्य एवं सह-निर्देशन देवांश प्रसाद ने संभाला।मंच पर कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से कथा को जीवंत कर दिया।

मम्मी जी की भूमिका में अंशिका, पापा के रूप में मनोज शर्मा, बेटा महताब, बेटी जानवी, जनरल फिजिशियन सतीश, कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टर की भूमिका में डॉ. नेहा मिश्रा, मौसी गौरव, मौसी रंभा, युवा कैंसर योद्धा आचार्य, बाल कैंसर योद्धा कीर्ति, तथा रक्षा की भूमिका में विशाल ने अत्यंत भावपूर्ण प्रस्तुति दी।

नाटक की कथा एक सामान्य परिवार से शुरू होकर अस्पताल के कठिन दौर, कीमोथैरेपी, मानसिक संघर्ष और अंततः जीत तक की यात्रा को बेहद संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करती है। यह मंचन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि कैंसर से लड़ रहे मरीजों और उनके परिजनों के लिए संबल, साहस और आत्मविश्वास का संदेश बनकर सामने आया।

प्रस्तुति के दौरान कई दर्शकों की आँखें नम हो गईं, वहीं अंत में तालियों की गूंज ने कलाकारों का उत्साह बढ़ा दिया। यह नाटक यह स्पष्ट संदेश देता है कि बीमारी शरीर को कमजोर कर सकती है, लेकिन इच्छाशक्ति को नहीं।

निसर्ग संस्था के अध्यक्ष ललित सिंह पोखरिया के मार्गदर्शन में आयोजित यह नाट्य प्रस्तुति समाज में जागरूकता फैलाने और पीड़ितों को नई आशा देने का सशक्त माध्यम बनी। निसर्ग संस्था के अध्यक्ष ललित सिंह पोखरिया जी द्वारा बताया गया कि संदीप यादव ने कैंसर पीड़ितों के संघर्ष पर आधारित जितना उत्कृष्ट नाटक लिखा है उतना ही उत्कृष्ट इसका निर्देशन भी किया है।

ये भी पढ़ें : कलोत्सव 2026 में छात्रों ने प्रोजेक्ट्स के जरिए पेश की प्रोफेशनल पहचान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here