लखनऊ। लखनऊ के खेल पत्रकारों ने गुरुवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में हुई एक सभा में खेल पत्रकार संतोष सूरी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा में पत्रकारों, खिलाड़ियों और खेल प्रशासकों ने संतोष सूरी के साथ बिताये गए पलों को साझा किया।
सभा की शुरुआत संतोष सूरी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। सभा में खेल पत्रकारिता में संतोष सूरी के योगदान को सराहा गया। वक्ताओं ने कहा कि संतोष सूरी खेल पत्रकारिता के पितामह थे। उनके पास खेल खासकर क्रिकेट की जानकारी का भंडार था।

किसी को भी क्रिकेट के किसी आंकड़े की जरूरत होती तो सीधे सूरी से संपर्क करता था। उन्होंने अपनी लेखनी से क्रिकेट के क्षेत्र में टाइम्स ऑफ इंडिया जैसे अखबार को पहचान दी।
इस दौरान तय किया गया कि संतोष सूरी के नाम पर खेलों का बड़ा आयोजन किया जायेगा। उनके नाम से खेल पत्रकारिता का पुरस्कार भी दिया जायेगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री एवं क्रिकेटर मोहसिन राजा ने घोषणा की कि वह सूरी के नाम पर मीडिया की एक क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करेंगे।
इस मौके पर खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय, प्रख्यात क्रिकेटर अशोक बाम्बी, ईशा एडवरटाइजिंग के एमजी टुटेजा, अनुराग मिश्र, टाइम्स ऑफ़ इंडिया के संपादक प्रवीन कुमार, खेल पत्रकार असीम मुख़र्जी, शरद दीप, राजीव श्रीवास्तव, राजेंद्र कात्यायन समेत तमाम खेल पत्रकार, खिलाड़ी और खेल संघो से जुड़े लोग शामिल हुए।
ये भी पढ़ें : खेल पत्रकारिता का बड़ा नाम संतोष सूरी पंचतत्व में विलीन













