छह-अंडर 64 के साथ हनी बैसोया ने राउंड थ्री में बनाई मजबूत बढ़त

0
100

नई दिल्ली: कुतुब गोल्फ कोर्स में खेले जा रहे 1.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप 2026 में हनी बैसोया ने तीसरे राउंड के बाद खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं। छह-अंडर 64 के दिन के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ उन्होंने कुल 18-अंडर 192 का स्कोर बनाकर पांच शॉट की बढ़त हासिल कर ली है।

ओवरनाइट दूसरे स्थान से शुरुआत करने वाले 29 वर्षीय बैसोया (63-65-64) ने तीसरे दिन सात बर्डी और एकमात्र बोगी लगाई। गुरुग्राम के डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब से जुड़े बैसोया डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर सात बार के विजेता रह चुके हैं, हालांकि उनकी पिछली खिताबी जीत 2021 में आई थी। पिछले साल इसी कोर्स पर वे रनर-अप रहे थे।

बैसोया की शुरुआत बेहद प्रभावशाली रही। पहले छह होलों में उन्होंने 10 से 15 फीट की दूरी से तीन शानदार बर्डी पुट डाले। पांचवें होल पर हैज़र्ड में जाने के बाद बोगी जरूर हुई,

लेकिन उन्होंने तुरंत वापसी करते हुए लय कायम रखी। बैक-नाइन में उन्होंने चार और बर्डी जोड़ीं, जिनमें आखिरी चार होलों में तीन बर्डी शामिल रहीं। इस दौरान उनके सटीक चिप शॉट्स ने आसान टैप-इन के मौके तैयार किए।

राउंड के बाद बैसोया ने कहा, “इस सप्ताह मेरी पुटिंग सबसे मजबूत पक्ष रही है। आज 12 सिंगल पुट ने मेरा दिन बना दिया। मैं टी-शॉट्स से लगातार फेयरवे का सेंटर हिट कर रहा था और चिपिंग भी बेहतरीन रही।

पांचवें होल की बोगी के बाद अगले ही होल पर बर्डी करना मेरे लिए अहम रहा। 10वें टी पर मैंने अपने कैडी से कहा था कि मेरा लक्ष्य 20-अंडर तक पहुंचना है। मैं उसके करीब पहुंच गया हूं और फाइनल राउंड के लिए अच्छी स्थिति में हूं।”

जमाल हुसैन (65-54-68) ने तीसरे दिन 68 का कार्ड खेलकर एक स्थान का सुधार किया और 13-अंडर 197 के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गए। उनके राउंड में चार बर्डी और दो बोगी शामिल रहीं।

वहीं, पहले राउंड के लीडर क्षितिज नवीन कौल (65), दूसरे राउंड के लीडर झरेड हैक (71), तपेन्द्र घई (66) और वीर अहलावत (66) 12-अंडर 198 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं।

कौल ने पार-4 18वें होल पर फेयरवे से शानदार दूसरा शॉट सीधे होल में डालकर ईगल-2 बनाया, जिसने उन्हें लीडरबोर्ड पर मजबूती से बनाए रखा। अब फाइनल राउंड में सबकी नजरें बैसोया पर होंगी, जो पांच साल के खिताबी सूखे को खत्म करने के बेहद करीब पहुंच गए हैं।

ये भी पढ़ें : सेमीफ़ाइनल की सर्द जंग के बाद गरम हुआ फ़ाइनल का माहौल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here