लखनऊ में 17 जून को भारत-अफगानिस्तान वनडे, इकाना बनेगा रन भूमि

0
33

लखनऊ: नवाबों का शहर जून में एक और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है। बीसीसीआई ने अफगानिस्तान के आगामी भारत दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिसके तहत तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा।

मैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। अफगानिस्तान की टीम जून में भारत दौरे पर आएगी, जहां दोनों देशों के बीच एकमात्र टेस्ट और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। दौरे की शुरुआत 6 से 10 जून 2026 तक न्यू चंडीगढ़ में होने वाले टेस्ट मैच से होगी।

यह टेस्ट विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं होगा, क्योंकि अफगानिस्तान डब्ल्यूटीसी का सदस्य नहीं है। टेस्ट के बाद वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जून को धर्मशाला में होगी। दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ में और अंतिम मुकाबला 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। सभी वनडे मैच दिन-रात्रि प्रारूप में दोपहर 1:30 बजे से शुरू होंगे।

गौरतलब है कि भारतीय टीम फिलहाल टी20 विश्व कप में व्यस्त है और फाइनल में पहुंच चुकी है, जहां उसका सामना 5 मार्च को इंग्लैंड से होगा। टूर्नामेंट का फाइनल 8 मार्च को निर्धारित है।

इसके बाद खिलाड़ियों को लगभग 20 दिनों का विश्राम मिलेगा और 28 मार्च से आईपीएल 2026 का आगाज़ होगा। आईपीएल का फाइनल 31 मई को प्रस्तावित है, जिसके तुरंत बाद भारतीय टीम जून में अफगानिस्तान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेगी।

इतिहास की बात करें तो अफगानिस्तान ने 2018 में भारत के खिलाफ ही अपना पहला टेस्ट मैच खेला था, जिसमें टीम इंडिया ने पारी और 262 रन से जीत दर्ज की थी। अब तक अफगानिस्तान 12 टेस्ट मैच खेल चुका है, जिनमें उसे 4 जीत, 7 हार और 1 ड्रॉ का सामना करना पड़ा है।

लखनऊ में होने वाला दूसरा वनडे मुकाबला खास मायने रखेगा, क्योंकि यहां की पिच और दर्शकों का उत्साह अक्सर मुकाबले को रोमांचक बना देता है। ऐसे में जून में इकाना स्टेडियम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के जोश से सराबोर नजर आएगा।

ये भी पढ़ें : पहले बल्ले से खेला शॉट, फिर बैट छोड़कर भागे- युवी का दिलचस्प किस्सा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here