भारतीय क्रिकेट टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए टी-20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टी-20 विश्व कप फाइनल के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए कीवी टीम को मुकाबले से पूरी तरह बाहर कर दिया।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने तीसरी बार टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया और इस मामले में इंग्लैंड तथा वेस्टइंडीज की बराबरी कर ली।
भारत की इस यादगार जीत के नायक संजू सैमसन रहे, जिन्होंने 89 रनों की शानदार पारी खेलकर नया कीर्तिमान बना दिया। सैमसन ने फाइनल में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए वेस्टइंडीज के मार्लोन सैमुअल्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उनकी इस पारी ने भारतीय पारी को मजबूत आधार दिया।
सैमसन से पहले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने भी बेहतरीन शुरुआत दिलाई। अभिषेक ने 52 और ईशान ने 54 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद शिवम दुबे ने अंतिम ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए केवल आठ गेंदों में 26 रन जोड़ दिए, जिससे भारत का स्कोर 250 के पार पहुंच गया।
256 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर बड़े मैचों में अपनी उपयोगिता साबित करते हुए मिचेल सेंटनर, मैट हेनरी और जिमी नीशम जैसे अहम विकेट झटके और कीवी मध्यक्रम को झकझोर दिया।
स्पिन विभाग में अक्षर पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए और न्यूजीलैंड की उम्मीदों को करारा झटका दिया। वहीं हार्दिक पंड्या ने दो विकेट लेकर टीम की जीत को और मजबूत किया, जबकि वरुण चक्रवर्ती ने भी एक विकेट अपने नाम किया।
न्यूजीलैंड की ओर से केवल टिम साइफर्ट ने 52 रन बनाकर कुछ संघर्ष दिखाया, जबकि कप्तान मिचेल सेंटनर ने 43 रनों की पारी खेली। हालांकि भारतीय गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ और अहमदाबाद के विशाल मैदान ने कीवी बल्लेबाजों को कभी भी जरूरी रनगति के करीब नहीं पहुंचने दिया।
मुकाबला समाप्त होते ही पूरा स्टेडियम “इंडिया-इंडिया” के नारों से गूंज उठा। रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ट्रॉफी उठाई और स्टेडियम आतिशबाजी की रोशनी से जगमगा उठा।
ये भी पढ़ें : आईपीएल 2026: अब शेड्यूल का इंतजार, लखनऊ में हो सकते है सात मैच
ये भी पढ़ें : लक्ष्य सेन का सपना टूटा, आल इंग्लैंड खिताब लिन चुन यी के नाम













