
नई दिल्ली : भारतीय निशानेबाज़ बुधवार को यहाँ लास गाबियास शूटिंग रेंज में आयोजित इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल के 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने से चूक गए।
मिश्रित टीम 10 मीटर स्पर्धा में कल स्वर्ण जीतने वाले मुकेश लावली भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ रहे और 14वें स्थान पर रहे। 86 निशानेबाज़ों की क्वालिफिकेशन राउंड में मुकेश ने 579-21x (94, 98, 98, 97, 95) का स्कोर किया, जो फाइनल कट-ऑफ से दो अंक कम था।
राइफल/पिस्टल विश्व कप
फाइनल में जगह 581-20x के स्कोर के साथ एंटोन अरिस्तारखोव ने बनाई। चीन के शिएयू 588-18x के साथ क्वालिफिकेशन में शीर्ष पर रहे। हालांकि भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आकाश भारद्वाज का रहा, जिन्होंने 580-26x का स्कोर कर 10वां स्थान हासिल किया, लेकिन वे केवल रैंकिंग अंक के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे थे।
अन्य भारतीयों में उज्ज्वल मलिक 577-17x के साथ 22वें, प्रमोद कुमार 574-16x के साथ 39वें स्थान पर रहे। वरुण तोमर, जो रैंकिंग अंक के लिए खेल रहे थे, 569-13x के साथ 63वें स्थान पर रहे।
25 मीटर पिस्टल महिला में रिदम और दिव्या की अच्छी शुरुआत
रिदम सांगवान और दिव्या टीएस ने 25 मीटर पिस्टल महिला स्पर्धा के प्रिसिजन चरण में अच्छी शुरुआत की और दोनों शीर्ष-8 में बनी हुई हैं। रिदम ने 99, 96, 97 के साथ कुल 292-9x का स्कोर किया, जबकि दिव्या ने 96, 98, 97 के साथ 291-8x का स्कोर बनाया।
तीसरी भारतीय निशानेबाज़ सिमरनप्रीत कौर बरार का दिन अच्छा नहीं रहा और उन्होंने 93, 94, 95 के साथ 282-5x का स्कोर किया। अभिध्न्या अशोक पटेल और चिंकी यादव, जो रैंकिंग अंक के लिए खेल रही थीं, ने क्रमशः 286-8x और 277-7x का स्कोर किया।
25 मीटर पिस्टल महिला का रैपिड चरण और फाइनल कल आयोजित होगा। वहीं, 10 मीटर एयर राइफल पुरुष की क्वालिफिकेशन और फाइनल तथा 50 मीटर राइफल 3 पोजीशंस महिला का एलिमिनेशन राउंड भी कल खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें : युवा जोश बनाम अनुभवी ताकत, भारतीय निशानेबाजों की होगी बड़ी परीक्षा











